फिर जेल से बाहर निकला हत्‍या व साध्वियों से बलात्‍कार का दोषी राम रहीम, चुनाव से पहले मेहरबान हुई BJP सरकार

गुरमीत राम रहीम

आरयू वेब टीम। अगामी विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर हरियाणा की भाजपा सरकार बलात्कार व हत्या के दोषी गुरमीत राम रहीम पर मेहरबान हो गई है, जिससे वह जेल से बाहर आ गया है। प्रदेश सरकार ने उसे 21 दिन की फरलो दिया है।

आज सुबह छह बजकर 46 मिनट पर हनीप्रीत सुनारिया जेल से राम रहीम को लेकर यूपी के बरनावा आश्रम के लिए रवाना हो गई। दरअसल गुरमीत को साध्वी दुष्कर्म मामले में वर्ष 2017 में सजा सुनाई गई थी। बाद में उसे छत्रपति हत्याकांड और रणजीत हत्याकांड में भी सजा हो चुकी है। तभी से वह सुनारिया जेल में बंद है।

पिछली बार 19 जनवरी को सरकार ने रामरहीम को 50 दिन की पैरोल दी थी, जो यूपी के बरनावा आश्रम में व्यतीत की गई। इसके बाद हाई कोर्ट ने एक याचिका पर फैसला दिया था कि रामरहीम को पैरोल या फरलो हाई कोर्ट की अनुमति के बगैर न दी जाए।

यह भी पढ़ें- पत्रकार की हत्या व साध्वियों से रेप के दोषी राम रहीम सिंह पर भाजपा सरकार फिर मेहरबान, मिली 21 दिन की पैरोल

गुरमीत राम रहीम की तरफ से हाई कोर्ट में अर्जी दाखिल कर पैरोल या फरलो पर रोक हटाने की मांग की थी। हाई कोर्ट ने फैसला दिया था कि प्रदेश सरकार राम रहीम की पैरोल या फरलो देने का फैसला खुद ले। इसके बाद राम रहीम ने 21 दिन की फरलो की अर्जी दाखिल की थी। सरकार ने अर्जी स्वीकार कर ली और सोमवार को फरलो मंजूर कर ली। प्रशासन ने जेल परिवार के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी थी।

ऐसे में मंगलवार को हनीप्रीत अपनी टीम के साथ राम रहीम को लेने जेल परिसर पहुंची, जहां आवश्यक कार्रवाई के बाद छह बजकर 46 मिनट पर उसको लेकर काफिला यूपी के बागपत स्थित बरनावा आश्रम के लिए रवाना हो गया।

कब-कब जेल से बाहर आया गुरमीत

20 अक्तूबर 2020- मां से मिलने के लिए एक दिन की पैरोल मिली।
12 मई 2021- ब्लड प्रेशर और बेचैनी की शिकायत पर पीजीआई में जांच के लिए लाया गया।
17 मई 2021- मां से मिलने के लिए एक दिन की पैरोल दी गई। पुलिस सुरक्षा में उसे गुरुग्राम ले जाया गया।
तीन जून 2021- पेट में दर्द की शिकायत पर पीजीआई लाया गया।
आठ जून 2021- स्वास्थ्य जांच के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाया गया।
13 जुलाई 2021- जांच के लिए एम्स ले जाया गया। ।
फरवरी 2022- 21 दिन की पैरोल मिली।
जून 2022- 30 दिन की पैरोल मिली।
अक्तूबर 2022- 40 दिन की पैरोल मिली।
21 जनवरी 2023- 40 दिन की पैरोल मिली।
20 जुलाई 2023- 30 दिन की पैरोल मिली।
20 नवंबर 2023 – 21 दिन की पैरोल मिली।
19 जनवरी 2024- 50 दिन की पैरोल मिली।
13 अगस्त 2024- 21 दिन की फरलो मिली।

यह भी पढ़ें- पत्रकार की हत्या व साध्वियों से बलात्‍कार करने का दोषी राम रहीम फिर आया जेल से बाहर, यूपी होगा ठिकाना, चार साल में नौवीं बार मिली पैरोल