केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का निधन, “राष्ट्रपति, PM मोदी व राहुल गांधी ने जताया शोक”

रामविलास पासवान
रामविलास पासवान। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) के संस्‍थापक और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का गुरुवार शाम निधन हो गया है। वे 74 वर्ष के थे। एलजेपी के अध्‍यक्ष व उनके बेटे चिराग पासवान ने ट्वीट कर यह जानकारी दी।

रामविलास पासवान पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। पासवान की हाल ही में हार्ट सर्जरी भी हुई थी। उनके निधन पर राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने शोक जताया है।

चिराग पासवान ने ट्वीट किया, ”पापा….अब आप इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन मुझे पता है आप जहां भी हैं हमेशा मेरे साथ हैं। मिस यू पापा।”

पासवान ने ही साल 2000 में लोक जनशक्ति पार्टी की स्थापना की थी। बीते कुछ वक़्त से उनकी तबियत खराब चल रही थी। करीब एक सप्‍ताह पहले अचानक हालत बिगड़ने पर उनके दिल का ऑपरेशन करना पड़ा था। इसके बाद आज देर शाम उन्‍होंने दिल्ली के एस्कार्ट हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली।

देश ने एक दूरदर्शी नेता खो दिया

राम विलास पासवान के निधन पर शोक जताते हुए राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा है कि केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन से देश ने एक दूरदर्शी नेता खो दिया है। उनकी गणना सर्वाधिक सक्रिय तथा सबसे लंबे समय तक जनसेवा करने वाले सांसदों में की जाती है। वे वंचित वर्गों की आवाज मुखर करने वाले तथा हाशिए के लोगों के लिए सतत संघर्षरत रहने वाले जनसेवक थे।

यह भी पढ़ें- मुलायम व अखिलेश के करीबी सपा नेता एसआरएस यादव की PGI में कोरोना से मौत

पासवान के बारे में रामनाथ कोविंद ने यह भी कहा है कि अपातकाल विरोधी आंदोलन के दौरान जयप्रकाश नारायण जैसे दिग्गजों से लोकसेवा की सीख लेनेवाले पासवान जी  फायरब्रांड समाजवादी के रूप मे उभरे। उनका जनता के साथ गहरा जुड़ाव था और वे जनहित के लिए सदा तत्पर रहे। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदना।

इस दुख को शब्दों से बयां नहीं कर सकते

केंद्रीय मंत्री के निधन पर प्रधानमंत्री ने शोक जाहिर करते हुए कहा कि वह इस दुख को शब्दों से बयां नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि हमारे राष्ट्र में एक शून्य है जो शायद कभी नहीं भरेगा। राम विलास पासवान जी का निधन एक व्यक्तिगत क्षति है। मैंने एक दोस्त, मूल्यवान सहयोगी को खो दिया है, जो हर गरीब व्यक्ति को यह सुनिश्चित करने के लिए बेहद भावुक थे कि उन्हें गरिमापूर्ण जीवन जीने को मिले।

गरीब-दलित ने आज खो दी अपनी बुलंद आवाज 

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “रामविलास पासवान जी के असमय निधन का समाचार दुखद है। गरीब-दलित वर्ग ने आज अपनी एक बुलंद राजनैतिक आवाज़ खो दी। उनके परिवारजनों को मेरी संवेदनाएं।”

यह भी पढ़ें- बिहार के दिग्गज नेता रघुवंश प्रसाद का ऐम्‍स में निधन

वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक जताते हुए ट्वीट किया कि केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान जी का निधन मेरे लिए अत्यंत पीड़ादायक है। अपने लम्बे राजनीतिक जीवन में उन्होंने हमेशा ग़रीबों, दलितों एवं वंचितों के कल्याण के लिए काम किया। उनकी गिनती बिहार की मिट्टी से जुड़े क़द्दावर नेताओं में थी और उनके सभी दलों के साथ अच्छे संबंध थे।

बता दें कि राम विलास पासवान को राजनीति का बड़ा मौसम वैज्ञानिक माना जाता था। सरकार किसी की भी रही, मगर राम विलास पासवान हमेशा सत्‍ता में रहे। उनकी विशेष बात यह भी रही कि उन्‍होंने हमेशा चुनाव के पहले गठबंधन किया, चुनाव के बाद कभी नहीं।

यह भी पढ़ें- पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह का निधन, राष्‍ट्रपति-प्रधानमंत्री व रक्षामंत्री ने जताया शोक