अनियंत्रित मर्सिडीज कार के डीवाइडर के टकराने से TATA ग्रुप के पूर्व चेयरमैन सायरस मिस्त्री की मौत, चालक समेत तीन घायल

सायरस मिस्त्री
दुर्घटना में क्षतिग्रस्‍त कार।

आरयू वेब टीम। महाराष्ट्र के पालघर से एक बड़ी खबर सामने आई है। एक सड़क हादसे में टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन सायरस मिस्त्री की मौत हो गई है। उनकी कार पालघर जिले में एक डिवाइडर से टकरा गई है। पूर्व चेयरमैन मिस्त्री अपनी मर्सिडीज कार से अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे। उसी दौरान यह हादसा हो गया। पालघर के एसपी ने हादसे में उनकी मौत की पुष्टि की है। पुलिस हादसे की वजह तलाश करने में जुटी है। कहा जा रहा है कि हादसे के समय एक महिला डॉक्‍टर कार चला रही थी।

पुलिस अधिकारी के अनुसार टाटा संस के पूर्व अध्यक्ष साइरस मिस्त्री की रविवार को एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उनकी कार महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक डिवाइडर से टकरा गई। हादसा अपरान्‍ह करीब साढ़े तीन बजे उस समय हुआ जब मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे। उसी दौरान सूर्या नदी पर बने पुल पर उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गयी। टक्‍कर इतनी जबरदस्‍त थी कि बेहद लग्‍जरी व भरोसेमंद कारों में शुमार मर्सिडीज के भी परखच्‍चे उड़ गए। हादसे में कार चालक समेत उनके साथ यात्रा कर रहे अन्य दो लोग घायल हो गए। सभी घायलों को गुजरात के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह भी पढ़ें- टाटा की छह कंपनियों से इस्‍तीफे के साथ ही साइरस ने किया बड़ा ऐलान

सायरस मिस्त्री का जन्म चार जुलाई 1968 को हुआ था। वह 28 दिसंबर 2012 को टाटा समूह के अध्यक्ष बने थे। टाटा ग्रुप ने 24 अक्टूबर 2016 को साइरस मिस्त्री को चेयरमैन पद से हटा दिया था। मिस्त्री ने मुंबई में कैथेड्रल एवं एंड जॉन कॉनन स्कूल में पढ़ाई की थी। उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में बीएस के साथ इंपीरियल कॉलेज, लंदन से स्नातक की उपाधि और लंदन बिजनेस स्कूल से प्रबंधन में विज्ञान में एक मास्टर डिग्री हासिल की थी।

यह भी पढ़ें- शेयर मार्केट के बिगबुल राकेश झुनझुनवाला का निधन, ब्रीच कैंडी अस्पताल में ली अंतिम सांस

बता दें कि साइरस मिस्त्री उद्योगपति पलोनजी शापूरजी मिस्त्री के बेटे थे। उन्होंने आयरलैंड की नागरिकता हासिल की थी। साइरस का जन्म भी आयरलैंड में ही हुआ था। उनके भाई का नाम शापूर है। उनकी दो बहनें हैं। पलोनजी शापूरजी की बेटी अल्लू की शादी नोएल टाटा से हुई। नोएल रतन टाटा के सौतेले भाई हैं।

यह भी पढ़ें- प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक तरुण मजूमदार का 92 साल की उम्र में निधन