आरयू वेब टीम। बिहार की राजनीति में बुधवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। सम्राट चौधरी ने बिहार के 24वें और भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसी के साथ लंबे समय से एनडीए गठबंधन में सहयोगी की भूमिका निभाने वाली भाजपा ने अब सीधे सत्ता की कमान संभाल ली है। पटना स्थित लोकभवन में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल अता हसनैन ने सम्राट चौधरी को सीएम पद और विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। दोनों जदयू कोटे से डिप्टी सीएम बनाए गए हैं।
बिहार के सीएम पद की शपथ लेने के बाद सम्राट चौधरी ने अधिकारियों की बैठक लेने के बाद कहा कि निश्चिंत रहिए बिहार में नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार का मॉडल ही चलेगा। बिहार की तरक्की के लिए आज मुख्यमंत्री का पद ग्रहण किया हूं। आज से ही बिहार के लिए काम शुरू कर दूंगा। साथ ही सम्राट चौधरी ने कहा कि वे पिछले तीन दशकों से राजनीति में सक्रिय हैं और उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने नीतीश कुमार के साथ काम करते हुए शासन चलाने के कई गुर सीखे हैं और अब उसी अनुभव के आधार पर बिहार को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।
वहीं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने शपथ के बाद कहा कि वे नीतीश कुमार के विकास मॉडल और नीतियों को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार में भाजपा और जदयू दोनों की भूमिका अहम रहेगी और मिलकर राज्य के विकास के लिए काम किया जाएगा।
दरअसल शपथ ग्रहण समारोह में कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों ने हिस्सा लिया। इनमें जे.पी. नड्डा, शिवराज सिंह चौहान, राजीव रंजन सिंह, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा सहित कई नेता शामिल रहे।
कौन हैं सम्राट चौधरी
सम्राट चौधरी का जन्म 16 नवंबर 1968 को बिहार के मुंगेर जिले के लखनपुर गांव में हुआ था। उनके पिता शकुनी चौधरी और माता पार्वती देवी दोनों ही राजनीति से जुड़े रहे हैं। उनके पिता शकुनी चौधरी सात बार विधायक और सांसद रह चुके हैं, जबकि उनकी मां पार्वती देवी तारापुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुकी हैं। शिक्षा की बात करें तो सम्राट चौधरी ने मदुरई कामराज विश्वविद्यालय से पीएफसी की डिग्री प्राप्त की है। उनका विवाह वर्ष 2007 में ममता चौधरी से हुआ। उनके दो बच्चे हैं- बेटा प्रणय प्रियम चौधरी और बेटी चारू प्रिया।
यह भी पढ़ें- नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा, भाजपा के सम्राट चौधरी होंगे बिहार के मुख्यमंत्री
सम्राट चौधरी ने 1990 में सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया और मई 1999 में बिहार सरकार में कृषि मंत्री के रूप में शपथ ली। उन्होंने 2000 और 2010 में परबत्ता (विधानसभा क्षेत्र) से चुनाव लड़ा और विधायक चुने गए। साल 2010 में, उन्हें बिहार विधानसभा में विपक्षी दल का मुख्य सचेतक बनाया गया। जून 2014 में उन्होंने बिहार सरकार में शहरी विकास और आवास विभाग के मंत्री के रूप में शपथ ली और कार्यभार संभाला। 2018 में, उन्हें भारतीय जनता पार्टी में बिहार प्रदेश का उपाध्यक्ष बनाया गया । 2021 में, सम्राट को नीतीश कुमार के विस्तारित मंत्रिमंडल में भाजपा कोटे से पंचायती राज मंत्री बनाया गया। उन्होंने जीतन राम मांझी सरकार में 2014 में शहरी विकास और आवास, स्वास्थ्य मंत्री और राबड़ी देवी सरकार में 1999 में मौसम विज्ञान और बागवानी मंत्री के रूप में भी कार्य किया है।




















