संजय राउत का पीएम मोदी को चैलेंज, बिना टेलीप्रॉम्प्टर के पूरा वंदे मातरम् गाने दिखाए

संजय राउत

आरयू वेब टीम। देश में इन दिनों वंदे मातरम् को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बयानबाजी का दौर जारी है। इस बीच शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने भी वंदे मातरम् को लेकर चल रहे विवाद पर सीधे मोदी सरकार पर निशाना साधा है। साथ ही देश में चीनी की बढ़ती कीमतों पर भी तीखा हमला बोला है। शिवसेना नेता ने चैलेंज देते हुए कहा कि सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सामने आकर बिना टेलीप्रॉम्प्टर के पूरा वंदे मातरम् गाने दिखाना चाहिए।

संजय राउत ने कहा कि वंदे मातरम् के जो छह छंद हैं, वह बिना टेलीप्रॉम्प्टर के पीएम मोदी खुद गाएं और जय शाह, अमित शाह, जितेंद्र सिंह से भी इस गाने के लिए बोलें। उन्होंने कहा कि इन सभी के पीछे हम लोग वंदे मातरम् गाएंगे। साथ ही कहा कि नौ अगस्त का क्रांति मैदान है, वहीं मंच बनाकर दिया जाएगा। पीएम मोदी आएं और बिना टेलीप्रॉम्प्टर के गाकर दिखाएं।

वहीं देश में बढ़ रही चीनी (शुगर) की कीमतों को लेकर भी संजय राउत ने मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सरकार के 12 सालों पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि देश में मोदी सरकार के 12 साल हो गए हैं। इस दौरान सस्ता क्या हुआ। साथ ही तंज कसते हुए कहा कि सिर्फ मौत सस्ती हो गई है, एक्सीडेंट सस्ते हो गए हैं, आत्महत्या सस्ती हो गई है और कुछ नहीं है।

यह भी पढ़ें- Gen-Z को गुमराह करने वाले धर्मेंद्र प्रधान के बयान पर संजय राउत का हमला, कहा भाजपा ही जिम्मेदार

शिवसेना (यूबीटी) नेता ने कहा कि शुगरकेन शक्कर बनाने के लिए जो आता है और वह तो एथेनॉल में जाता है, ऐसे में पूरा कहां से होगा? उन्होंने कहा कि यह सब सरकार को पता होना चाहिए। आगे कहा कि यूनिवर्सिटी में जाइए और जेनरेशन Z से बातचीत कीजिए, उनके घर पर जाइए और उनके मां-बाप से संवाद कीजिए।

इसके अलावा कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फाउंडर अभिजीत दिपके के खिलाफ महाराष्ट्र की लातूर में केस दर्ज होने पर संजय राउत ने कहा कि आंदोलन करने वाले बच्चे, हमारे जैसे लोग और बुजुर्ग ऐसी एफआइआर से न तो डरते हैं और न ही डरेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार जितना दबाने की कोशिश करेगी उतने ही नए लड़के बाहर आएंगे। आगे कहा कि हम तो वैसे ही आपसे लड़ रहे हैं, लेकिन नए बच्चे भी आपस में लड़ने के लिए तैयार हो गए हैं।

यह भी पढ़ें- संजय राउत का दावा, MLC को पार्टी बदलने के मिल रहे 20 करोड़ रुपए