2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर अखिलेश ने सपाईयों को खास नसीहत देने के साथ ही किया ये ऐलान

सपा के उतराखण्ड के नेता
वरिष्ठजनों के साथ अखिलेश यादव।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने आज एक बार फिर मोदी और योगी सरकार के अलावा भाजपा पर जमकार निशाना साधा है। जनेश्‍वर मिश्र ट्रस्‍ट में सोमवार को अरूणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नबांमटुकी और उतराखण्‍ड के नेताओं व अन्‍य लोगों से मुलाकात के दौरान अखिलेश ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है। वह देश को गलत दिशा में ले जा रही है। अखिलेश ने सत्‍ताधारी पार्टी की खामोशी पर कहा कि भाजपा कुछ नया संकट पैदा करने की रणनीति बनाने में जुटी है।

अपने पार्टी के नेताओं को खास नसीहत देते हुए सपा अध्‍यक्ष ने कहा कि लड़ाई बड़ी है, समय कम है। वर्तमान राजनीतिक स्थितियों में समाजवादी पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका है। जनता की उम्मीद सपा पर हैं। अखिलेश यादव आगे कहा कि बीजेपी की मंशा जनता को सामाजिक संकटों में उलझाने की है। समाज में नफरत फैलाकर भाजपा राजनीतिक स्वार्थ पूर्ति करने का पाप करने में लगी है। समाज में झगड़ा लगाने की ताकत भाजपा के पास है। जबकि समाजवादी मानते हैं कि सद्भाव और विकास साथ-साथ होगा। राजनीति अपने स्वार्थ के लिए नहीं हो सकती है। जनता को अच्छे और बुरे का अंतर बताना हमारा कर्तव्य है।

यह भी पढ़ें- प्रेसवार्ता में टोटी लेकर पहुंचे अखिलेश, कहा यहीं अफसर उनकी सरकार बनने पर बंगले से बरामद करा देंगे चिलम

वहीं इस दौरान पूर्व मुख्‍यमंत्री ने लोकसभा चुनाव को लेकर एक ऐलान करते हुए कहा कि अगामी लोकसभा चुनाव में सपा उत्तराखण्ड की सभी पांचों संसदीय क्षेत्रों में लोकसभा चुनाव लड़ेगी। साथ ही उत्तराखण्ड के नगर निगम के चुनावों में भी समाजवादी पार्टी पूरी तैयारी से भागीदारी निभाएगी।

भाजपा सरकारों की बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी और योगी सरकार की कामयाबी जीरो रही है। हर मोर्चे पर भाजपा सरकारें विफल रही हैं। अखिलेश ने दावा करते हुए आगे कहा कि सिद्धांत और सेवा की राजनीति से उसका भाजपा सरकारों का कोई मतलब नहीं। जनता भाजपा से न्याय और कल्याण की कतई उम्मीद नहीं रखती है। 2019 के लोकसभा चुनाव में राजनीति को नई दिशा मिलेगी।

अखिलेश से मिलने वालों में ये लोग रहें मौजूद-

अरूणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नबांमटुकी, सपा के उत्तराखण्ड के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह रावत, अतुल शर्मा एवं तजिंद्र सिंह ब्रिक (महासचिव) राजेंद्र सब्बरवाल (जिलाध्यक्ष ऊधम सिंह नगर) व सपा नेता भगवत सरन कुठारी। इसके अलावा पीलीभीत के नानकमता साहिब गुरद्वारा के मुख्य सेवादार बाबा मुहाबा सिंह, सरदार जसवीर सिंह, हरजिंदर सिंह तथा कुलवंत सिंह भी मौजूद रहें। इस दौरान सिख समुदाय के लोगों ने अखिलेश यादव को सरोपा देकर सम्‍मानित भी किया।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने किया ऐलान, कन्नौज से खुद तो मैनपुरी से मुलायम सिंह लड़ेगे 2019 का लोकसभा चुनाव