आरयू वेब टीम। सावन मास के पहले दिन देश के कई शहरों में मामूली सड़क दुर्घटनाओं के बाद आक्रोशित कांवड़ यात्रियों ने उत्पात मचाते हुए कई वाहन चालकों की जमकर पिटाई की और तोडफोड़ की। साथ ही कई जगह आक्रोशित कावड़ियो ने सड़कों पर चक्काजाम कर यातायात को बाधित भी किया।
जानकारी के मुताबिक हरिद्वार के बाहदराबाद में कार की टक्कर के बाद कांवड़ का जल गिरने से आक्रोशित कांवड़ियों ने कार चालक की जमकर पिटाई कर दी और कार को भी तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन कांवड़ियों को गिरफ्तार किया है। जहां कांवड़ियों ने कांवड़ खंडित करने का आरोप लगाया। वहीं रुड़की में भी मामूली टक्कर के बाद कांवड़ियों ने जमकर हंगामा किया। यहां भी कांवड़ियों ने एक वाहन चालक को पीट दिया।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर में कांवड़ियों ने मचाया उत्पात, पुलिस के सामाने चालक को पीटा, कार तोड़ी
तीसरी घटना मुजफ्फरनगर में हुई। यहां भी एक बाइक सवार के कांवड़ियों से टकराने के बाद मामले ने उग्र रूप ले लिया। बाइक सवार ने हाथ जोडकर माफी मांगी, लेकिन कांवड़ियों ने उसकी पिटाई कर दी। यहां पहुंचे पुलिसकर्मियों की कांवड़ियों से झड़प हो गई। दिल्ली में कांवड़ियों से भरी ट्राली को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ। लगभग एक घंटे तक कांवड़ियों ने हाईवे जाम कर दिया।




















