CAA-NRC के प्रदर्शनों को लेकर दिल्ली में बोले PM मोदी, इसके पीछे राष्ट्र के सौहार्द को खंडित करने वाला डिजायन

शाहीन बाग प्रदर्शन
सभा को संबोधित करते प्रधानमंत्री।

आरयू वेब टीम। दिल्ली में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शाहीन बाग को लेकर एक बार फिर विपक्ष पर जोरदार हमला किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह प्रदर्शन विपक्ष द्वारा कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीलमपुर हो, जामिया हो या फिर शाहीन बाग, बीते कई दिनों से नागरिकता संशोधन कानून को लेकर प्रदर्शन हुए हैं।

वहीं सवाल उठाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि क्या ये प्रदर्शन सिर्फ एक संयोग हैं? नहीं। इसके पीछे राजनीति का एक ऐसा डिजायन है, जो राष्ट्र के सौहार्द को खंडित करने वाला है। ये सिर्फ एक कानून का विरोध होता, तो सरकार के तमाम आश्‍वासनों के बाद समाप्त हो जाता, लेकिन आम आदमी पार्टी और कांग्रेस लोगों को भड़का रहे हैं। संविधान और तिरंगे को सामने रखते हुए ज्ञान बांटा जा रहा है और असली साजिश से ध्यान हटाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- दिलीप घोष का बेतुका सवाल, शाहीन बाग में कोई प्रदर्शनकारी मर क्यों नहीं रहा

सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि हमारा संविधान ही देश की न्यायपालिका और हमारी अदालतों का आधार है। संविधान की भावना के अनुरूप ही न्यायालय चलते हैं, लोगों को इंसाफ देते हैं। मोदी ने कहा कि एक समय था जब दिल्ली में आए दिन आतंकी हमलों की वजह से, बम धमाकों में निर्दोष लोग मारे जाते थे।

देश के सुरक्षाबलों और दिल्ली के लोगों की सतर्कता से अब ये हमले होने रुक गए हैं, लेकिन याद करिए, जब इन्हीं हमलों के गुनहगारों को दिल्ली पुलिस ने बाटला हाउस में मार गिराया, तो उसे फर्जी एनकाउंटर कहा गया था। यही वो लोग हैं जिन्होंने बाटला हाउस में आतंकियों को मारने पर दिल्ली पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

यह भी पढ़ें- शाहीन बाग के बहाने केंद्रीय मंत्री का विपक्ष पर हमला, सीएए के विरोध को बताया मोदी के खिलाफ