BJP प्रदेश अध्‍यक्ष ने बोला प्रियंका पर हमला, कहा लाशों पर राजनीति करना है कांग्रेस की पुरानी परंपरा

लाशों पर राजनीति
प्रेसवार्ता में बोलते स्वतंत्र देव सिंह साथ में अन्य।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। हाल ही में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश के अध्यक्ष बने स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह सोनभद्र हत्याकांड के पीड़ित परिवारों के साथ सहानुभूति दिखाने का ढोंग कर रही हैं।

आज प्रदेश मुख्‍यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में मीडिया से बात करते हुए भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा कि प्रियंका पीड़ित परिवारों के साथ सहानुभूति दिखाने का ढोंग कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लाशों पर राजनीति करना कांग्रेस की पुरानी परंपरा है। साथ ही यह भी कहा कि प्रियंका की भेंट पीड़ित परिवारों से करा दी गई है। इसके बावजूद वह राजनीति कर रही हैं और इसी कारण अब भी धरने पर बैठी हुई हैं। यह कृत्य गरीबों की पीड़ा पर राजनीतिक रोटियां सेकने जैसा है और कांग्रेस को इससे परहेज करना चाहिए।

यह भी पढ़ें- खून से लाल हुई UP, जमीन विवाद में सोनभद्र में गोली बरसाकर तीन महिलाओं समेत दस की हत्या, 25 घायल

कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए स्‍वतंत्र देव ने कहा कि ऐसा लगता है कि कांग्रेस नेता यह चाहते हैं कि वहां का माहौल और बिगड़े। उन्हें इस बात की परवाह नहीं कि पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए। इतना ही नहीं स्‍वतंत्र देव ने कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए कहा कि कांग्रेस 1955 से अब तक किए गए अपने पापों को छुपाने के लिए अनाप-शनाप आरोप लगा रही हैं।

यह भी पढ़ें- सोनभद्र हत्याकांड: SDM, CO समेत पांच अधिकारी-कर्मचारी निलंबित, CM ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी

इस दौरान उन्होंने सोनभद्र की घटना पर शोक व्यक्त किया और इस घटना के पीड़ितों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। वहीं सीएम योगी द्वारा की गई कार्रवाई की बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस घटना पर राज्य सरकार ने तत्काल तत्परता से कार्यवाही करते हुए दोषी अधिकारियों को निलंबित किया तथा सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने कहा कि घायलों के समुचित इलाज के लिए जिलाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि प्रदेश सरकार ने मृतकों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रूपये की आर्थिक सहायता तथा घायलों 50-50 हजार रूपये दिये जाने के निर्देश दिए है।

यह भी पढ़ें- बीजेपी ने परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को सौंपी यूपी की कमान, घोषित किया प्रदेश अध्‍यक्ष