भाजपा ने कहा अखिलेश यादव ने अपने बयान से नोएडा की जनता का किया है अपमान

नोएडा की जनता का अपमान
मनीष शुक्ला, प्रदेश प्रवक्ता बीजेपी।

आरयू ब्‍यूरो,

लखनऊ। सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर भाजपा ने आज एक बार फिर निशाना साधा है। बीजेपी ने अखिलेश यादव के टोल टैक्‍स की वसूली, योगी आदित्‍यनाथ के नोएडा जाने और लालू यादव पर भाजपा द्वारा ज्‍यादती करते वाले रविवार को एक प्रेसवार्ता में दिए गए बयान पर पलटवार किया है।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्‍ता मनीष मनीष शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नोएडा दौरे पर सवाल उठाकर अखिलेश यादव ने नोएडा की जनता का अपमान किया है। उन्‍होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्‍या नोएडा उत्तर प्रदेश का भूभाग नहीं है? क्या सपा नोएडा की जनता से वोट मांगने नहीं जाएगी? आखिर अखिलेश यादव नोएडा को अपशकुन स्थान क्यों मानते है? अखिलेश ने यह बयान देकर नोएडा की लाखों जनता को अपमानित करने का कार्य किया है।

यह भी पढ़ें- भाजपा का पलटवार, नसीहत की जगह अपनी सरकार के कारनामें याद करें अखिलेश

मनीष शुक्ला ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री के पद की गरिमा के प्रतिकूल आचरण कर रहे हैं। अखिलेश यादव प्रदेश की जनता को बताये कि लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर 20 लाख से नीचे की गाड़ियो से टोल टैक्स न वसूलने का कोई सरकारी आदेश उन्होंने मुख्यमंत्री रहते जारी किया था? जबकि अधूरे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन अखिलेश यादव ने स्वयं किया था। इतना ही नहीं आगरा एक्सप्रेस-वे के टोल प्वाइंट भी उन्ही की योजना के हिस्से हैं।

वहीं लालू यादव के साथ अन्याय के बयान पर प्रदेश प्रवक्‍ता ने कहा कि अखिलेश यादव बताएं कि लालू यादव के साथ अन्याय कौन कर रहा है? क्या अखिलेश यादव का देश की न्याय व्यवस्था पर से भरोसा उठ गया है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा अपना काम भी तो करके दिखाए योगी सरकार