भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन को आया हार्ट अटैक, अस्पताल में भर्ती

शाहनवाज हुसैन
शाहनवाज हुसैन।

आरयू वेब टीम। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन को मंगलवार को अचानक हार्ट अटैक आ गया। उनको मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लीलावती अस्पताल के डॉक्टर जलील पारकर ने जानकारी दी कि शाहनवाज की एंजियोप्लास्टी की गई है। जिसके बाद उनकी हालत स्थिर है।

डॉक्टर के मुताबिक, शाहनवाज को शाम 4ः30 बजे अस्पताल में लाया गया था। फिलहाल वह आइसीयू में भर्ती हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा नेता मंगलवार शाम को ब्लड प्रेशर अधिक होने पर अस्पताल पहुंचे थे। यहां उनकी ईसीजी की गई तो पता चला कि उनको अटैक आया है।

इसके बाद उनकी एंजियोग्राफी की गई तो ब्लॉकेज पाया गया। डॉक्टरों ने तुरंत ऑपरेशन करते हुए उनको स्टेन लगाया और आइसीयू में शिफ्ट कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि उनको जल्द ही प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी का निधन, बेंगलुरु के अस्पताल में ली अंतिम सांस, कांग्रेस नेताओं ने जताया शोक

बता दें कि शाहनवाज हुसैन को पिछले महीने अचानक बीमार पड़ने के बाद दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था। उनको डॉक्टरों ने वायरल निमोनिया बताया था और आराम करने की सलाह दी थी। बता दें कि हुसैन भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। वह बिहार सरकार में उद्योग मंत्री रह चुके हैं। हुसैन तीन बार लोकसभा सांसद और एक बार बिहार विधान परिषद के सदस्य रह चुके हैं।

यह भी पढ़ें- नहीं रहे इंडियन आइडल फेस जाकिर हुसैन, हार्ट अटैक से मौत