कार्यकर्ता सम्‍मेलन में पहुंचे शिवपाल का बीजेपी पर निशाना, INDIA पूरे देश में बहुत मजबूत, जिससे घबराई है भाजपा

इंडिया पूरे देश में मजबूत
मीडिया से बात करते शिवपाल यादव।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/आजमगढ़। समाजवादी पार्टी को मजबूत करने और लोकसभा चुनाव-2024 के लिए पार्टी को एकजुट करने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को आजमगढ़ पहुंचे हैं। यहां सपा नेता ने न सिर्फ अपने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया, बल्कि भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधा है। शिवपाल यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि इंडिया पूरे देश में बहुत मजबूत है, जिससे भाजपा घबरा गई है। साथ ही कहा कि संगठन को मजबूत कर 2024 के चुनाव में यूपी की भाजपा सरकार को हराना है।

इस दौरान शिवपाल ने कहा कि आजमगढ़ सहित अन्य स्थानों पर पार्टी की भंग इकाइयों का जल्द ही गठन किया जाएगा। जिला इकाइयों के गठन के बाद हम समाजवादियों को एकजुट कर और संगठन को मजबूत कर वर्ष 2024 का चुनाव लड़ेंगे। एनडीए बनाम इंडिया पर सपा महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि इंडिया पूरे देश में बहुत मजबूत है, इसलिए भारतीय जनता पार्टी इससे घबराई हुई है।

शहर के नेहरू हॉल सभागार में आयोजित सपा कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव का पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान शिवपाल यादव ने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एक झंडे के नीचे मजबूती से खड़े रहें और 2024 के चुनाव में भाजपा को उखाड़ फेंकने का संकल्प लें।

यह भी पढ़ें- विपक्ष के INDIA पर मायावती का हमला, कांग्रेस ने किया जातिवादी-पूंजीवादी पार्टियों से गठबंधन, 2024 में बसपा लड़ेगी अकेले चुनाव

सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि वह पूर्वांचल के दौरे पर हैं। वह संगठन को मजबूत करने और सभी समाजवादियों को एकजुट करने के लिए दो दिनों के लिए आजमगढ़ आए हैं। सभी को एकजुट करके समाजवादी पार्टी वर्ष 2024 के चुनाव में उत्तर प्रदेश से भाजपा सरकार को हरायेगी। आजमगढ़ से चुनाव लड़ने के सवाल पर शिवपाल यादव ने एक बार फिर दोहराया कि पार्टी का जो निर्देश और आदेश होगा, वो वही करेंगे।

वहीं सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के केदारनाथ और बद्रीनाथ पर दिए गए बयान पर पूछे गए सवाल पर शिवपाल यादव ने खुद को और पार्टी से अलग करते हुए कहा कि यह उनका निजी बयान है। सपा नेता ने कहा कि ये भारतीय जनता पार्टी की चाल है। हम वहां नहीं जाना चाहते, न ही समाजवादी पार्टी वहां जाना चाहती है।

यह भी पढ़ें- PM मोदी के बयान पर संसद में विपक्ष का हंगामा, पलटवार कर खरगे बोले, हम मणिपुर की बात कर रहे वो ईस्ट इंडिया कंपनी की