आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर सोमवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को ‘भारत माता का महान सपूत’, एक दूरदर्शी नेता और एक कट्टर राष्ट्रवादी बताया।
सीएम योगी ने कहा, आज भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष और भारत माता के महान सपूत डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि है। साल 1953 में आज ही के दिन उन्होंने राष्ट्रीय एकता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। सही कहा कि स्वतंत्र भारत में कैबिनेट मंत्री के रूप में उन्होंने देश को अपने विजनरी नेतृत्व में लाभान्वित करके देश की औद्योगिक नीति तय करने में बड़ी भूमिका निभाई। आजादी के तत्काल बाद राष्ट्रीय एकता और अखंडता के साथ किए जा रहे खिलवाड़ को देखते हुए इस्तीफा दिया और भारतीय जन संघ के पहले अध्यक्ष के रूप में देश में एक नई राजनीतिक शुरुआत को आगे बढ़ाया था।
यह भी पढ़ें’- मेधावी छात्रों को सम्मानित कर मुख्यमंत्री योगी ने कहा, बालिकाएं मेहनत में बालकों से रहीं आगे
इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में आगे कहा कि डॉ. मुखर्जी ने वर्ष 1953 में जो सपना देखा था, ‘एक भारत अखंड भारत और सुरक्षित भारत’ का उसे साकार होने में 65 से 66 साल लगे। जब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पांच अगस्त 2019 को कश्मीर में धारा 370 समाप्त हुई। आज जम्मू कश्मीर लोकतांत्रिक मूल्यों और आदर्शों के साथ भारत के संविधान की भावनाओं के अनुरूप एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पनाओं को साकार कर रहा है।
इस दौरान योगी ने संघ के विचारक मुखर्जी के “बलिदान दिवस” के मौके पर लखनऊ में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सीएम योगी के साथ भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वरिष्ठ नेता दिनेश शर्मा और कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी शामिल हुए।