आरयू ब्यूरो
लखनऊ। लगातार विरोधियों के हमले झेल रही समाजवादी पार्टी ने आज न सिर्फ घोषणा पत्र, कानून व्यवस्था और विकास के मुद्दों पर सफाई दी, बल्कि विरोधियों पर तगड़ा पलटवार भी किया। शाम को कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव एक बेदाग मुख्यमंत्री हैं, उनके कार्यकाल में न सिर्फ बड़े-बड़े विकास के काम हुए बल्कि कहीं घोटाला नहीं हुए। यह बातें मुख्यमंत्री के विरोधियों को भूलना नहीं चाहिए।
बसपा और भाजपा की ओर इशारा करते हुए बोले कि कुछ साम्प्रदायिक एवं जातिवादी ताकतें लोकतंत्र के पर्व के खिलाफ साजिश कर रही हैं। वे झूठ फैला रहे हैं और लोगों को गुमराह कर रहे हैं, लेकिन वे कभी कामयाब नहीं होंगे। मुख्यमंत्री के विकास का सफर थमेगा नहीं।
घोषणा पत्र के बारे में मुख्य वक्ता ने कहा कि सीएम ने जनता के हित को ध्यान में रखकर घोषणा पत्र जारी किया, जिसमें प्रदेश के विकास को नई दिशा देने का संकल्प भी है। मुख्यमंत्री के कामों की हर जगह सराहना हुई,
लेकिन प्रदेश में बसपा और भाजपा विरोध की मानसिकता से नहीं उबर पा रहे। इसके साथ ही वह हवाई बातों के जरिए सपा का दुष्प्रचार कर रहे हैं। इस दौरान सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम भी मौजूद रहे।