टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने दिया इस्तीफा

टाटा संस
टाटा सन्स के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन। फाइल (फोटो)

आरयू वेब टीम। टाटा संस से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। टाटा सन्स के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने आज, 12 अगस्त 2026 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। फरवरी में टाटा संस के बोर्ड ने उन्हें दोबारा चेयरमैन नियुक्त करने के फैसले को टाल दिया था।हांलाकि चंद्रशेखरन तुरंत पद नहीं छोड़ेंगे। वह अपना मौजूदा कार्यकाल पूरा करेंगे जो फरवरी 2027 तक है।

एन. चंद्रशेखरन साल 2017 से टाटा संस के चेयरमैन हैं। पद से इस्तीफा देने के बाद अपने एक बयान में एन चंद्रशेखरन ने कहा, ”मैंने टाटा ग्रुप में अपने प्रोफेशनल करियर के 40 साल पूरे कर लिए हैं। इस प्रतिष्ठित संस्थान में योगदान देने का मौका मिलना मेरे लिए बहुत संतोषजनक रहा है और मैं इसके लिए आभारी हूं। पिछले एक दशक से टाटा संस का नेतृत्व करना मेरे लिए बहुत सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी की बात रही है।”

आगे कहा, ”टाटा संस के चेयरमैन के तौर पर मेरा मौजूदा कार्यकाल 20 फरवरी, 2027 को खत्म हो रहा है। सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट ने सर्वसम्मति से मेरे अगले कार्यकाल को पांच साल के लिए बढ़ाने का प्रस्ताव रखा था, जिसे टाटा संस की नॉमिनेशन एंड रेमुनरेशन कमिटी और बोर्ड ने भी मंजूरी दी थी। इसके बाद, 24 फरवरी, 2026 को टाटा संस के बोर्ड के सामने यह प्रस्ताव रखा गया, हालांकि ये प्रस्ताव पास नहीं हो सका क्योंकि बोर्ड के एक सदस्य ने इसका समर्थन नहीं किया और सर्वसम्मति न होने के कारण मैंने इस फैसले को टालने का निर्णय लिया।”

यह भी पढ़ें- एयर इंडिया के CEO कैम्पबेल विल्सन का इस्तीफा

चंद्रशेखरन के अगले कार्यकाल को लेकर टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स के बीच मतभेद सामने आए थे. इसी साल फरवरी में चंद्रशेखरन को दोबारा चेयरमैन बनाने पर फैसला टाल दिया गया था। टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने उनके दोबारा नियुक्त होने का विरोध किया था. रिपोर्ट के मुताबिक, नोएल टाटा चाहते थे कि टाटा संस भविष्य में कभी शेयर बाजार में लिस्ट न हो, लेकिन चंद्रशेखरन इस शर्त पर सहमत नहीं थे. दोनों पक्षों के बीच बोर्ड में प्रतिनिधित्व को लेकर भी मतभेद की बात सामने आई थी।

यह भी पढ़ें- टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन बने नोएल टाटा, बोर्ड ने लिया फैसला