आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव बुधवार को रामपुर पहुंचे। शिवपाल सीधे जेल के भीतर दाखिल हुए और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम से मुलाकात कर हाल जाना। जहां से आजम खान ने अखिलेश यादव को एक संदेश भेजा है।
इसके बाद शिवपाल यादव आजम खान के घर पहुंचे, जहां उन्होंने उनकी पत्नी ताजीन फातमा और बेटे अदीब आजम खान से मुलाकात की। शिवपाल आजम खान के ड्रीम प्रोजेक्ट मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे और शिक्षकों व छात्रों से बातचीत की। विश्वविद्यालय निरीक्षण और बातचीत के बाद शिवपाल यादव ने प्रेसवार्ता की और योगी सरकार से लेकर अधिकारियों तक पर जमकर निशाना साधा।
आजम खान पर लंबे समय से अत्याचार
सपा के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में जो जुल्म कर रहा, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। शिवपाल ने कहा कि आजम खान पर लंबे समय से अत्याचार और शोषण हुआ है, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी है।
इस दौरान सपा नेता ने आजम खान के राजनीतिक कद का जिक्र करते हुए कहा कि आजम खान दस बार विधायक और दो बार सांसद रहे हैं, जबकि अब्दुल्ला आजम भी विधायक रह चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार के खिलाफ लगातार मुकदमे दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया।
शिवपाल ने दावा किया कि आजम खान ने रामपुर के विकास में बड़ा योगदान दिया और सड़कों से लेकर इमारतों तक शहर की तस्वीर बदलने का काम किया। जबकि अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि आजम खान के बनाए संस्थानों और यूनिवर्सिटी के साथ अन्याय किया जा रहा है। वहीं जेल में आजम खान की कथित सुविधाओं को लेकर भी शिवपाल यादव ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इतने वरिष्ठ नेता को जेल में जरूरी सुविधाएं और दवाइयां तक नहीं मिल रही हैं। इस मामले को विधानसभा में विपक्ष के स्तर पर उठाने की बात भी कही है।
यह भी पढ़ें- आजम खान की बढ़ीं मुश्किल, जौहर ट्रस्ट को आयकर विभाग ने भेजा नोटिस
शिवपाल यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार अंधी, बहरी, भ्रष्ट और बेईमान है। साथ ही ये भी कहा कि आजम खान ने जेल से अखिलेश के लिए एक संदेश भेजा है, जिसमें कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए अखिलेश यादव को दौरा करना चाहिए।




















