आरयू वेब टीम। गाजियाबाद के टीला मोड़ इलाके में बुधवार एक सोसाइटी में रहने वाली तीन सगी नाबालिग बहनों ने नौवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। तीनों बहनों ऑनलाइन खेलने से रोकने पर नाराज थीं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया और लोग हैरान रह गए। सुसाइड से पहले, उन्होंने एक पॉकेट डायरी में आठ पेज का नोट छोड़ा है, जिसमें अपने माता-पिता से माफी मांगी और अपनी गेमिंग लत का जिक्र किया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने के साथ अपनी जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश स्थित गाजियाबाद के थाना टीला मोड़ क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी में देर रात करीब दो बजे उस समय हड़कंप जब बी1 टावर की नौवीं मंजिल से तीन सगी बहनों 16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी ने छलांग लगा दी। गिरने पर हुई आवाज से सोसाइटी के लोग घर से बाहर आए तो तीनों बच्चियां बुरी हालत में पड़ी देख दहल उठें।
लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना देने के साथ ही तीनों लड़कियों को हॉस्पिटल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस के मुताबिक फ्लैट नंबर 907 में रहने वाली तीनों बहनें ऑनलाइन गेमिंग की आदी थीं। परिवार के मना करने पर तीनों ने ये घातक कदम उठाया।
दो साल से नहीं जा रहीं थीं स्कूल
परिजनों का कहना है कि तीनों बहनें पिछले करीब दो साल से स्कूल भी नहीं जा रही थीं और ज्यादातर समय मोबाइल गेम खेलने में बिताती थीं। पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना से पहले रात करीब दो बजे तीनों बहनों ने कमरे को अंदर से बंद किया। इसके बाद स्टूल लगाया और बालकनी से नीचे कूद गईं। मौके से पुलिस को एक पॉकेट डायरी मिली है, जिसमें आठ पन्नों का सुसाइड नोट लिखा हुआ है।
…वे गेम नहीं छोड़ सकतीं
सुसाइड नोट में तीनों बहनों ने अपने गेम और अन्य मोबाइल गतिविधियों का जिक्र किया है। लिखा गया है कि उन्हें गेम से बहुत प्यार है और वे गेम नहीं छोड़ सकतीं। सुसाइड नोट के अंत में आई एम सॉरी पापा लिखा हुआ है। पुलिस के अनुसार गेम में बीच वाली बहन प्राची बॉस की भूमिका में थी। तीनों बहनें खाना खाने से लेकर रोजमर्रा के सभी काम एक साथ किया करती थीं।
हम अपनी जान दे देंगे
उधर, नाबालिगों के पिता ने कहा, ‘उन्होंने मुझसे कहा था, ‘पापा, हम कोरियन नहीं छोड़ सकते। कोरियन हमारी ज़िंदगी है। कोरियन हमारे लिए सब कुछ है। आप हमें इससे अलग नहीं कर सकते। हम अपनी जान दे देंगे।’ मैंने अभी सुसाइड नोट देखा है। मैं सभी माता-पिता से अपील करता हूं कि वे सावधान रहें और यह पक्का करें कि बच्चे गेम्स से इतने गहरे से न जुड़ें।’
यह भी पढ़ें- पबजी खेलने से रोकने पर हैवान बने 21 साल के बेटे ने पिता का सिर धड़ से काटकर किया अलग
इस संबंध में ट्रांस हिंडन के डीसीपी निमिश पाटिल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चियां कोरियन कल्चर से प्रभावित थीं। फिलहाल किसी तरह के टास्क या गेम से जुड़े होने की कोई जानकारी नहीं मिली है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कार्रवाई सबूतों के आधार पर की जाएगी।
बताया जा रहा है कि कुछ दिनों से परिवार ने मोबाइल इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया था। आत्महत्या की सही वजह क्या है, इसकी जांच की जा रही है। सुसाइड नोट में कोरियन कल्चर का जिक्र है। यह भी सामने आया है कि एक बच्ची पिछले दो साल से स्कूल नहीं जा रही थी और पढ़ाई में कमजोर होने के कारण अधिकतर घर पर ही रहती थी।




















