आरयू वेब टीम। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दाम में वृद्धि को लेकर बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने मोदी सरकार को घेरा है। तेजस्वी ने कहा है कि आने वाले दिनों में जनता को भयंकर महंगाई झेलनी पड़ेगी। उन्होंने सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि मोदी सरकार ने आज फिर सीएनजी, पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए। एनडीए सरकार ने पिछले दस दिनों में तेल की कीमतों में लगभग पांच रुपए की वृद्धि की है, यानि 50 पैसे प्रतिदिन। अभी और बढ़ना शेष है।
आरजेडी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने शनिवार को सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर पोस्टकर कहा कि “जब क्रूड ऑयल सस्ता था, तब भी ये आपकी जेब काटकर निजी कंपनियों को मुनाफा दिला रहे थे और अब भी। जो भाव कच्चे तेल का 2014 में था, अब उससे भी बहुत कम है, लेकिन पेट्रोल-डीजल के दाम दुगुना हो गए हैं।” उन्होंने दावा करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में जनता को भयंकर महंगाई झेलनी पड़ेगी, प्राइवेट सेक्टर की नौकरियां जाएंगी, प्रवासी श्रमिक वापस लौटेंगे, लघु उद्योग-धंधे कम होंगे, गरीबी-बेरोजगारी बढ़ेगी।
मोदी सरकार को निशाने पर लेते हुए आरजेडी प्रमुख ने कहा कि नफरत का कारोबार, भाषणबाजी, रील्स और एंटरटेनमेंट के लिए जिसे चुना था, वो ‘फुल इंटरटेनमेंट’ मिलता रहेगा। नौकरी, गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी, कृषि, गांव-किसान, शिक्षा-स्वास्थ्य, अर्थव्यवस्था इत्यादि पर गहन विचार-विमर्श और ध्यान केंद्रित देने की बजाय इनका फोकस संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग, हेडलाइन मैनेजमेंट, हिंदू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद, गाय-गोबर और स्थलों के नाम बदलने पर रहेगा।
यह भी पढ़ें- दस दिन में तीसरी बार महंगी हुई CNG, जानें कितनी हुई कीमत
बता दें कि सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने शनिवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी की। करीब दस दिनों में यह तीसरी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। ये बढ़ोतरी वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के कारण की गई है, जिसका असर अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार पर पड़ रहा है।




















