जीतन राम मांझी ने कहा, बिहार में आज हो सकता है बड़ा सियासी बदलाव

जीतन राम मांझी

आरयू वेब टीम। जेडीयू और आरजेडी में कथित तनाव की अटकलों के बीच बिहार की राजनीति में हलचल मची है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही महागठबंधन से जुड़ा कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं। इस राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर राज्य के पूर्व सीएम जीतन राम मांझी ने शुक्रवार को बयान दिया।

उन्होंने कहा कि हम हमेशा से कहते रहे हैं कि जनवरी 20 से 30 तक बिहार की राजनीति में परिवर्तन का समय होगा। यही दिख भी रहा है। कोई कहता है कि आज ही हो जाएगा, कोई कहता है कि कल हो जाएगा। कयास लगाए जा रहे हैं। परिवर्तन दिख रहा है। सीएम कौन होगा? ये अंदरूनी मामला है। नीतीश कुमार सीएम पद से समझौता नहीं कर सकते हैं, ऐसा दिखता है।

वहीं, जीतन राम मांझी ने एक्स पर पोस्ट कर बिहार की सियासत को और तेज कर दी है। उन्होंने कहा कि ‘आज ही हो जाएगा का जी? खेला आउर का…’ इस पोस्ट के बाद कई मायने निकाले जा रहे हैं। बिहार की राजनतीतिक हालत को देखते हुए कहा जा रहा है कि क्या सीएम नीतीश कुमार आज पाला बदल लेंगे। गुरुवार की रात में भाजपा हाईकमान की दिल्ली में बैठक हुई। इसके लिए भाजपा के कई नेता बिहार से गए थे। सबसे बड़ी बात यह थी कि जिस प्लेन से सम्राट चौधरी दिल्ली गए उसी में जेडीयू नेता केसी त्यागी भी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- मल्लिकार्जुन खरगे के हाथों में होगी INDIA की कमान, बैठक में गठबंधन संयोजक बनने से नीतीश का इनकार

जीतन राम मांझी ने पत्रकारों से बात करते हुए शुक्रवार को कहा कि कहने को कुछ नहीं है, आप सब भी देख रहे हैं। कुछ दिन पहले नीतीश कुमार ने कहा था, ‘कुछ लोग अपने बेटों को आगे बढ़ाना चाहते हैं, लेकिन मैं कर्पूरी ठाकुर के नक्शेकदम पर चलता हूं।’ उनका बयान कांग्रेस, आरजेडी पर था। इन परिस्थितियों में, क्या आपको लगता है कि वे एकजुट रहेंगे?

यह भी पढ़ें- CM नीतीश ने JDU के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम का किया ऐलान, KC त्यागी को मिली बड़ी जिम्मेदारी