देश के दस आइकॉनिक साइट्स में ताजमहल और फतेहपुर सीकरी शामिल: रश्मि वर्मा

आइकॉनिक साइट्स
प्रेसवार्ता में जानकारी देते अवनीश अवस्थी व रश्मि वर्मा।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश में पर्यटन के विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा दिए जा रहे सहयोग की जानकारी देते हुए आज सचिव पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार की रश्मि वर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा बड़े स्तर पर पर्यटन की ‘स्वदेश दर्शन’ और ‘प्रसाद’ की योजनाओं का लाभ उत्तर प्रदेश को दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- ताजमहल पर सोम के विवादित बयान को कांग्रेस ने बताया भारतीय संस्कृति और धरोहरों पर कुठाराघात

साथ ही देश भर में दस आइकॉनिक साइट्स को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने के लिए चयनित किया गया है। जिसमें ताजमहल और फतेहपुर सीकरी भी शामिल हैं। वहीं केंद्र द्वारा इलाहाबाद में अगले साल होने वाले कुंभ को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने की योजना भी बनाई जा रही है।

रश्मि वर्मा शुक्रवार को गोमतीनगर स्थित एक होटल में पर्यटन की ‘रीजनल रिव्यु मीटिंग-नार्थ रीजन’ की दो दिवसीय बैठक के दौरान आयोजित प्रेसवार्ता में मीडिया से बात कर रही थी।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन से जोड़ी जाएंगी अयोध्या की दीवाली और ब्रज की होली

प्रेसवार्ता में मौजूद यूपी के प्रमुख सचिव पर्यटन अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा कि प्रदेश के पर्यटन को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए यहां की सुविधाएं भी उसी स्तर की निर्मित की जाएंगी। साथ ही उन्‍होंने कहा कि हम कुंभ को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने का कार्य कर रहे हैं। जल्‍द ही अयोध्या की दीवाली और ब्रज की होली को भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन से जोड़ दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- अब दस करोड़ तक के काम करा सकेंगे योगी के मंत्री, कैबिनेट ने लिए पांच बड़े फैसले

वन विभाग के साथ मिलकर इको टूरिज्‍म को दिया जाएगा बढ़ावा

ईको टूरिज्म की बात करते हुए प्रमुख सचिव पर्यटन ने कहा कि प्रदेश में ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन विभाग वन विभाग के साथ संयुक्त रूप से काम के लिए अग्रसर हो चुके हैं। प्रदेश के पर्यटन की ब्रांडिंग अंग्रेजी भाषा में भी की जाएगी। इसके अलावा जल्‍द ही कुंभ का लोगो अंग्रेजी में भी लाया जाएगा।

यह भी पढ़ें- समीक्षा करने आए नीति आयोग के उपाध्‍यक्ष ने कहा चल पड़ा है यूपी

पर्यटकों की सुविधा के साथ सुरक्षा पर भी फोकस

प्रमुख सचिव पर्यटन ने यह भी प्रेसवार्ता में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ पर्यटकों की संख्या में बढ़ोत्तरी करने को लेकर काफी गंभीर है। वहीं पर्यटकों की संख्‍या बढ़ने से यूपी में रोजगार में विस्तार तथा उद्योगों को भी लाभ प्राप्त होगा। पर्यटन विभाग तीर्थ यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने और पर्यटकों की सुरक्षा के लिए भी काम कर रहा है।

यह भी पढ़ें- बोले योगी भारत की वास्तु कला का अनमोल रत्न है ताजमहल