आरयू वेब टीम। अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट मैच और वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है।टेस्ट मैच के लिए एक बड़ा बदलाव टीम की उप-कप्तानी में हुआ है। तमाम अटकलों पर मुहर लगाते हुए सेलेक्शन कमेटी ने ऋषभ पंत को उप-कप्तानी से हटा दिया है और उनकी जगह केएल राहुल को ये जिम्मेदारी दी है। वहीं स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पूरी सीरीज से ही आराम दिया गया है।
इनके अलावा एक बड़ा फैसला दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा पर लिया गया है, जो दोनों सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। वहीं रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या के वनडे सीरीज में खेलने पर संदेह बना हुआ है। मंगलवार को गुवाहाटी में टीम इंडिया सेलेक्शन कमेटी की मीटिंग हुई, जिसके बाद मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम का ऐलान किया। इसमें बड़ा फैसला पंत को लेकर हुआ, जिन्हें पिछले साल ही टेस्ट टीम का उप-कप्तान बनाया गया था। मगर बतौर कप्तान आइपीएल में उनके नेतृत्व और इससे उनकी बैटिंग पर पड़ रहे असर को देखते हुए उनसे ये जिम्मेदारी वापस ले ली गई और अनुभवी ओपनर राहुल को नियुक्त किया गया है।
मगर खराब फॉर्म के कारण पंत टी20 के बाद वनडे टीम से भी पूरी तरह बाहर हो गए हैं। उनकी जगह ईशान किशन को शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। ईशान किशन की पूरे ढाई साल बाद ओडीआइ टीम में वापसी हुई है। उनका पिछला वनडे मैच वर्ल्ड कप 2023 में आया था। साथ ही संजू सैमसन की ओडीआइ में वापसी की उम्मीदों को झटका लगा है, हालांकि टेस्ट टीम में अभी भी ऋषभ पंत नंबर-1 विकेटकीपर हैं, जबकि उनके बैकअप के रूप में ध्रुव जुरेल स्क्वॉड में हैं। ऐसे में ईशान को टेस्ट में वापसी के लिए इंतजार करना होगा।
टीम इंडिया का टेस्ट स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उप-कप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल।
टीम इंडिया का ओडीआइ स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, नितीश रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे।
यह भी पढ़ें- T20 वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं आएगी बांग्लादेश की क्रिकेट टीम, सुरक्षा कारणों का दिया हवाला
वहीं सेलेक्शन कमेटी ने एक बड़ा फैसला वनडे सीरीज को लेकर लिया है, जिसमें रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या को शामिल किया गया है। हालांकि दोनों को लेकर ही सेलेक्शन कमेटी ने साफ किया है कि उनका खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा। दोनों ही स्टार खिलाड़ी आइपीएल 2026 में फिटनेस की समस्याओं से जूझ रहे हैं। इसे देखते हुए ही ये फैसला लिया गया है।
दूसरी ओर रवींद्र जडेजा को छह जून से शुरू हो रहे टेस्ट मैच के लिए आराम दिया गया है। मगर अगरकर ने साफ किया है कि वनडे में जडेजा की जगह नए खिलाड़ियों को आजमाने की कोशिश हो रही है और इसलिए उन्हें वनडे टीम से बाहर रखा गया है। टेस्ट और वनडे सीरीज की टीम में पहली बार गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे और प्रिंस यादव को चुना गया है।
















