#WorldCup2023: टीम इंडिया की जर्सी लॉन्च, सामने आये कई बदलाव

टीम इंडिया की जर्सी
टीम इंडिया की नई जर्सी लॉन्च।

आरयू वेब टीम। भारत में होने वागे आगामी वनडे वर्ल्‍ड कप की तैयारियां अब अपने आखिरी मोड़ पर आ गई हैं। इन्हीं तैयारियों के बीच भारतीय टीम की विश्‍व कप के लिए नई जर्सी लॉन्च कर दी गई है। टीम इंडिया के आधिकारिक किट स्पॉन्सर एडिडास ने बुधवार (20 सितंबर) को एक वीडियो शेयर किया। भारतीय टीम की नई जर्सी बहुत खास है।

टीम इंडिया की जर्सी में कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली समेत पूरी टीम का अलग ही स्वैग देखने को मिल रहा। एडिडास ने अपने ऑफिशियल सोशल अकाउंट से टीम इंडिया की जर्सी लॉन्च किया है। एडिडास ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें भारत के प्रसिद्ध सिंगर और रैपर रफ्तार ने ‘तीन का ड्रीम’ गाना गाया है। इस गाने पर ही भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, शुभमन गिल, हार्दिक पांड्या और मोहम्मद सिराज जैसे स्टार खिलाड़ी नई जर्सी में नजर आ रहे हैं।

भारत के करोड़ों फैंस टीम इंडिया के तीसरे वनडे विश्‍व कप खिताब की जीत का इंतजार कर रहे हैं। इसी तीसरे खिताब के इंतजार को देखते हुए तीन का ड्रीम गाना बनाया गया है। एडिडास ने टीम इंडिया के लिए जो जर्सी बनाई है वह बहुत आकर्षक है। भारतीय टीम के वर्तमान जर्सी से इसमें कई बदलाव किए गए हैं।

यह भी पढ़ें- #WorldCup2023 की 15 सदस्यीय टीम इंडिया का ऐलान, जानें किसे मिला मौका

नई जर्सी में कंधे की तीन सफेद धारियों के स्थान पर कंपनी ने भारतीय झंडे के तीन रंगो (केसरिया, सफेद और हरा) को रखा है। वहीं जर्सी के छाती के बाईं ओर बीसीसीआइ का लोगो और उसके साथ दो सितारे हैं। यह दो सितारे भारतीय टीम की दो वनडे विश्‍व कप 1983 और 2011 की जीत को दर्शाते हैं।

यह भी पढ़ें- सिराज की सुनामी में बहा श्रीलंका, सबसे बड़ी जीत के साथ INDIA ने आठवीं बार किया एशिया कप पर कब्जा

मालूम हो कि पांच अक्टूबर से क्रिकेट के महाकुंभ यानी वनडे विश्‍व कप की शुरुआत होने वाली है। इस विश्‍व कप में भारतीय टीम का पहला मुकाबला आठ अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से होना है।