आरयू ब्यूरो, लखनऊ। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर जनभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की मौजूदगी में एक एमओयू पर बुधवार को हस्ताक्षर किए गए। ये एमओयू कोरोना की वैक्सीन बनाने वाले सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, पुणे और जनभवन, उत्तर प्रदेश के बीच हुआ। जिसके तहत प्रदेश के आठ आकांक्षी जिलों चित्रकूट, फतेहपुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, चंदौली और सोनभद्र में रहने वाली नौ से 14 साल की आयु वर्ग की बालिकाओं को निशुल्क ह्यूमन पेपिलोमावायरस टीकाकरण (एचवीपी) किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- सीरम इंस्टिट्यूट ने कोविशील्ड की कीमत का किया ऐलान, प्राइवेट अस्पतालों में 600 तो सरकारी में 400 रुपए में मिलेगी प्रति डोज
इस विषय में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन की पहल सर्वप्रथम जनभवन से शुरू हुई थी, जहां बालिकाओं का टीकाकरण कराया गया और अब इसे प्रदेश स्तर पर विस्तारित किया जा रहा है। अब तक प्रदेश में 40 हजार से अधिक बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण दिया जा चुका है।
यह भी पढ़ें- सीरम इंस्टीट्यूट से दिल्ली पहुंची कोविशील्ड वैक्सीन की पहली खेप, देशभर में पहुंचाई जाएगी दवा
इस दौरान आनंदीबेन ने बालिकाओं को सशक्त, स्वस्थ और मानसिक रूप से प्रफुल्लित रहने का संदेश दिया। संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने पर बल देते हुए मिलेट्स, सब्जियों और दालों के अधिक सेवन की सलाह दी। उन्होंने विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर ध्यान देने, शिक्षकों द्वारा स्वयं भोजन जांचने और ग्रहण करने की आवश्यकता बताई। राज्यपाल ने बालिकाओं को शिक्षा के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने और आगे बढ़ने का संकल्प भी दिलाया।
वहीं राज्यपाल ने कहा कि नौ से 14 वर्ष की बालिकाओं का समय पर एचपीवी टीकाकरण भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से मजबूत सुरक्षा प्रदान करेगा। उन्होंने जोर दिया कि कैंसर का प्रभाव पूरे परिवार पर पड़ता है, इसलिए वैक्सीन निर्माण और निःशुल्क टीकाकरण जैसे प्रयास अत्यंत सराहनीय एवं जनहितकारी हैं।
यह भी पढ़ें- अब सीरम इंस्टीट्यूट भी बनाएगा Sputnik-V, परमिशन के लिए DCGI से किया आवेदन
एमओयू पर जनभवन की ओर से विशेष कार्याधिकारी डॉ. सुधीर एम बोबडे और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के प्रमुख कर्नल संदीप कौशल ने हस्ताक्षर किए। इस समझौते के अंतर्गत कुल तीन लाख डोज वैक्सीन निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे इन जिलों में लगभग डेढ़ लाख बालिकाओं को लाभ मिलेगा।




















