आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मॉनसून अब अपना नया रंग दिखाने को तैयार है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों यानी 11 जुलाई के लिए राज्य के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही आइएमडी ने कई जिलों में मेघगर्जन और बिजली गिरने (वज्रपात) की भी प्रबल संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 11 जुलाई को उत्तर प्रदेश के जिन जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है, उनमें बांदा, चित्रकूट, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर शामिल हैं। इसके अलावा जिन जिलों में गरज और बिजली गिरने की प्रबल संभावना है, उनमें बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और इनके आस-पास के इलाके शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- UP के कई जिलों में होगी भारी बारिश, गिरेगी बिजली, अलर्ट जारी
इस बीच मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश से निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है और बिजली गिरने की घटनाओं से जान-माल का नुकसान भी संभव है। नागरिकों से अपील है कि वे अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।




















