यूपी: नाइट कर्फ्यू में मिली ढील, अब रात दस से सुबह छह बजे तक रहेगा लागू

नाइट कर्फ्यू

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। कोरोना संक्रमण के मामले में आ रही कमी को देखते हुए योगी सरकार ने कुछ और ढील का ऐलान किया है। मुख्‍यमंत्री ने रात्रि कालीन कोरोना कर्फ्यू  की टाइमिंग में बदलाव में किया है। राज्य सरकार की तरफ से जारी गाइडलाइंस के मुताबिक अब नाइट कर्फ्यू रात्रि दस बजे से सुबह छह बजे तक लागू रहेगा। वहीं वीकेंड लॉकडाउन पहले की तरह प्रभावी रहेगा।

ये फैसला मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने रविवार को अधिकारियों के साथ बैठक में लिया। वहीं योगी ने अधिकारियों से कहा कि कोरोना प्रोटोकाल पूरी तरह पालन कराया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी स्थान पर कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना अनिवार्य होगी। मास्क के साथ प्रवेश अनिवार्य होगा, जबकि रेस्टोरेंट में आने वाले सभी लोगों का सैनिटाइजर से हाथ साफ करना भी जरूरी है।

इसके अलावा दुकान या शोरूम में पहले की तरह मास्क और सैनेटाइजर की अनिवार्यता रहेगी। वहां हेल्प डेस्क भी बनाने होंगे। आने-जाने वालों का रजिस्ट्रर बनाना होगा, जिनमें नाम, पता और बाकी डिटेल रहेगी। प्रदेश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर की स्थिति नियंत्रण में है।

यह भी पढ़ें- यूपी के बाद अब बिहार में लॉकडाउन से राहत, जारी रहेगा नाइट कर्फ्यू

मालूम हो कि बीते 24 घंटे में 125 नए मरीजों की पुष्टि हुई है, जबकि 134 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुए हैं। 30 अप्रैल के बाद से एक्टिव केस में गिरावट हो रही और वर्तमान में 1,594 एक्टिव केस हैं। प्रदेश में कोरोना की रिकवरी दर और बेहतर होकर 98.6 फीसदी हो गई है।

वहीं अब तक 16 लाख 83 हजार से अधिक प्रदेशवासी कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक तीन करोड़ 71 लाख से अधिक वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी है। इनमें तीन करोड़ 13 लाख 68 हजार से अधिक लोग पहली डोज लेने वाले हैं।

यह भी पढ़ें- तमिलनाडु में 19 जुलाई तक बढ़ा लॉकडाउन