अखिलेश का आरोप, प्रशासन की मदद से गुंडागर्दी कर भाजपा ने जीता जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख का चुनाव

सत्तारूढ़ भाजपा
मी‍डिया से बात करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को योगी सरकार पर हमला बोला है। सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा ने जिस तरह से जनादेश का अपमान करते हुए प्रशासन की मदद से गुंडागर्दी कर जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव जीते उसकी लोकतंत्र में कहीं और मिसाल नहीं मिलती। उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा गुंडागर्दी वाली सबसे बड़ी पार्टी है और पंचायत चुनाव में लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाने के बाद लड्डू खा रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ योगी नहीं हो सकते।

अखिलेश ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पंचायत चुनाव में सबसे ज्यादा जिला पंचायत सदस्य, बीडीसी और ग्राम प्रधान समाजवादी पार्टी के ही चुने गए थे, लेकिन प्रशासन का साथ लेकर गुंडागर्दी कर भाजपा ने एक नई परिचय दिया है। सपा मुखिया ने कहा कि इटावा के एसपी (सिटी) मोबाइल पर बात करते हुए खुद कह रहे हैं कि भाजपा के जिला अध्यक्ष, विधायक और कार्यकर्ता बम और पथराव करके कानून-व्यवस्था खराब कर रहे हैं।

वहीं सपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा लोकतंत्र की धज्जियां उड़ा कर लड्डू खाए जा रहे हैं। खुशी मनाई जा रही है। यह योगी नहीं हो सकते। मैं पहले भी कई बार कह चुका हूं, यह योगी नहीं हैं। अगर कोई योगी होता तो जनता को दुख नहीं देता। गोरखपुर में पंचायत चुनाव में प्रशासन पर भाजपा प्रत्याशियों की मदद करने का आरोप लगाते हुए अखिलेश ने कहा मुख्यमंत्री जी गुंडागर्दी का प्रयोग पहले अपने यहां करते हैं और फिर उसे प्रदेश में हर जगह लागू कर देते हैं।

यह भी पढ़ें- ब्लॉक प्रमुख चुनाव में हिंसा पर बोले अखिलेश, भाजपा घोंट रही सरेआम लोकतंत्र का गला, पुलिस-प्रशासन बना मूकदर्शक

अखिलेश ने कहा कि हमारी बहनों के साथ क्या दुर्व्यवहार हुआ, उसकी कोई कल्पना नहीं कर सकता था। जो लोग समाज को अच्छे रास्ते पर ले जाने का सपना दिखा रहे थे, उन्होंने सिर्फ चुनाव जीतने के लिए बहनों के साथ कैसा बर्ताव किया।’’

साथ ही किसानों की हालत का जिक्र करते हुए सपा सुप्रीमो ने कहा कि क्योंकि 2017 के विधानसभा चुनाव के भाजपा के संकल्प पत्र में योगी जी की तस्वीर नहीं थी, इसलिए उन्होंने इसे कूड़ेदान में फेंक दिया है। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में 2022 तक किसानों की आमदनी को दोगुना करने का वादा किया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। भाजपा यह बताए कि आखिर उसने अपने वादे को निभाने के लिए कौन सा रोड मैप तैयार किया था।

अखिलेश ने इस मौके पर आम आदमी पार्टी से गठबंधन की संभावना संबंधी सवाल पर कोई सीधा जवाब न देते हुए कहा कि सपा की कोशिश होगी कि ज्यादा से ज्यादा दलों को अपने साथ ले। उनकी पार्टी सभी छोटे दलों को साथ लेने का प्रयास करेगी। इस मौके पर आगरा के एत्मादपुर से बसपा के पूर्व विधायक धर्मपाल सिंह और वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में आगरा से बसपा के प्रत्याशी कुंवर चंद्र अपने समर्थकों के साथ सपा में शामिल हो गए। अखिलेश ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि इससे पार्टी को और मजबूती मिलेगी।

यह भी पढ़ें- यूपी ब्लॉक प्रमुख चुनावों में जमकर हंगामा, सीतापुर में फायरिंग