सपा से निष्कासित नेताओं का आरोप, मूल विचारधार से भटके अखिलेश ने पार्टी को बना दिया प्राइवेट कंपनी

सपा से निष्कासित
मीडिया से बात करते सपा से निष्कासित नेता।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी से बगावत करने वाले युवा नेताओं ने शुक्रवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव और सपा की नीतियों पर आरोप लगाए हैं। सपा से निष्कासित ऋचा सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव मूल विचारधारा से न सिर्फ भटके हैं, बल्कि उन्होंने समाजवादी पार्टी को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बना दिया है। जब मन में आया पार्टी से निकाल दिया, जब मन आया बिना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के किसी को पद पर बैठा दिया।

सपा से निष्कासित नेताओं ने आज लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस कर अखिलेश यादव पर हमला बोला। ऋचा सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सोशल मीडिया हैंडलर की ओर से लगातार महिलाओं के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा, जबकि पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव की पार्टी में कोई कद्र नहीं की जा रही है। शिवपाल यादव की बराबरी स्वामी प्रसाद मौर्य से की जाती है। सपा में संघर्ष का स्थान खत्म हो चुका है। अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने वालों का संरक्षण करती है।

यह भी पढ़ें- पार्टी से निष्कासित ऋचा सिंह ने चुनाव आयोग को पत्र लिख की सपा पर कार्रवाई की मांग

वहीं पीडी तिवारी ने कहा भगवान राम पर टिप्पणी करने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य का विरोध करने पर स्वामी प्रसाद मौर्य को खुश करने के लिए समाजवादी पार्टी ने हमें निकालने का काम किया। भगवान राम के खिलाफ बयान देने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य सपा के 28 साल पुराने नेताओं का कैरेक्टर लिखने का काम कर रहे हैं इसका हम लोग खुलेआम विरोध करते हैं।

प्रेसवार्ता में प्रयागराज की ऋचा सिंह, पीडी तिवारी, बृजेश यादव और प्रदीप तिवारी मौजूद रहे। वहीं इन लोगों ने समाजवादी पार्टी के खिलाफ मुहिम चलाने का भी ऐलान किया है।

यह भी पढ़ें- आखिरकार रोली मिश्रा-ऋचा सिंह सपा ये हुईं निष्कासित, नेताओं को मिलें निर्देश