UP विधानसभा अध्यक्ष होंगे आठ बार के विधायक सतीश महाना, अखिलेश ने भी किया समर्थन

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा के वरिष्ठ विधायक सतीश महाना 18वीं उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। महाना ने सोमवार को अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया और किसी भी विपक्षी दल ने उनके खिलाफ नामांकन दाखिल नहीं किया। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि सोमवार दोपहर दो बजे थी।

महाना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन में प्रस्तावकों में जनसत्ता दल के राजा भैया भी शामिल थे। उनके चुनाव की घोषणा मंगलवार को की जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए नेता प्रतिपक्ष अखिलेश ने भी सतीश महाना को समर्थन दिया है।

वहीं योगी सरकार के पहले कार्यकाल में औद्योगिक विकास मंत्री थे। सतीश महाना, जिन्होंने इस साल राज्य विधानसभा में अपना आठवां चुनाव जीता है, कानपुर में महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

यह भी पढ़ें- यूपी विधान परिषद चुनाव का कार्यक्रम बदला, अब नौ अप्रैल को होगा मतदान

बता दें कि यूपी सरकार 2.0 के शपथ ग्रहण के दौरान मंत्रियों की लिस्ट में सतीश महाना का नाम नहीं था उसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें विधानसभा अध्यक्ष बनाया जाएगा। इसके बाद भाजपा की ओर से उनका नामांकन करवाया गया। सतीश महाना आठ बार से विधायक हैं। वह पांच बार कानपुर कैंट से विधायक रह चुके हैं। कानपुर की महाराजपुर विधानसभा सीट से 2012 से वह लगातार विधायक हैं।

यह भी पढ़ें- राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रमापति शास्त्री को दिलाई विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर की शपथ