आरयू ब्यूरो, लखनऊ। गुजरात और पंजाब के उपचुनाव में आप की शानदार जीत पर मंगलवार को आम आदमी पार्टी ने लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय पर जीत का जश्न मनाया। इस दौरान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर मिठाइयां बांटी और ढोल नगाड़े बजाकर खुशी जाहिर की।
इस मौके पर आप प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि जब भी हम लोग कोई चुनाव हारते हैं, तो लोग कहते हैं कि आम आदमी पार्टी खत्म हो गई। दिल्ली का चुनाव हारने के बाद ऐसा प्रचारित किया जा रहा था कि आम आदमी पार्टी खत्म हो गई। साथ ही कहा कि आज मोदी के गढ़ गुजरात में गोपाल इटालिया की साढ़े 17 हजार वोटों की विजय और पंजाब में साढ़े दस हजार से ज्यादा वोटों की प्रचंड जीत ने यह बता दिया है कि आम आदमी पूरे देश के लोगों के मन का विकल्प है।
पूरा देश चाहता है शिक्षा और स्वास्थ्य का माॅडल
संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी की नीतियां, उनका शिक्षा और स्वास्थ्य का माॅडल अब पूरा देश अपनाना चाहता है, आम आदमी पार्टी की यह जीत इस बात का संकेत है। उन्होंने कहा कि जो काम हमने पंजाब में किया, पंजाब की जनता ने लुधियाना से संजीव अरोड़ा जी को जिताकर हमारे काम के ऊपर मोहर लगाई है। ये भारतीय जनता पार्टी के लिए बड़ी हार है और आम आदमी पार्टी के लिए बड़ी जीत है।
यह भी पढ़ें- लुधियाना पश्चिम उपचुनाव में ‘AAP’ के संजीव अरोड़ा ने मारी बाजी, 35,179 मतों हासिल की जीत
इस अवसर पर प्रदेश सह-प्रभारी व पूर्व विधायक दिलीप पांडेय, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, निवर्तमान प्रदेश महासचिव दिनेश सिंह पटेल, मुख्य प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे, अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल, महिला विंग प्रदेश अध्यक्षा नीलम यादव, लखनऊ जिला अध्यक्ष इरम रिजवी, यूपी सोशल मीडिया प्रभारी विपिन पाठक, नदीम जायसी समेत बड़ी संख्या में नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।




















