मणिपुर हिंसा के खिलाफ AAP ने लखनऊ में निकाला कैंडल मार्च, की बीजेपी सरकार बर्खास्‍त करने की मांग

आक्रोश कैंडल मार्च
आक्रोश कैंडल मार्च निकालती आप की नेता व कार्यकर्ता।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। करीब तीन महीने से मणिपुर में चल रही खूनी हिंसा व युवतियों से गैंगरेप कर दरिंदों द्वारा उन्‍हें नग्‍न घुमाने को लेकर विपक्ष का भाजपा सरकार पर हमला जारी है। शुक्रवार को इसी क्रम में आम आदमी पार्टी ने इसके विरोध में लखनऊ में आक्रोश कैंडल मार्च निकाला। आप की महिला प्रकोष्‍ठ की ओर निकाले गए इस मार्च के दौरान दोषियों पर सख्‍त कार्रवाई के साथ ही राज्‍य की भाजपा सरकार को भी बर्खास्‍त करने की मांग उठाई गयी।

महिला प्रकोष्‍ठ की जिला अध्यक्ष प्रियंका श्रीवास्तव के नेतृत्व में महिला कार्यकर्ताओं ने आप कार्यालय से पत्रकारपुरम चौराहा तक कैंडल मार्च निकालकर मांग की महिलाओं के साथ दुष्कर्म करने वालों को सख्त से सख्त सजा दी जाए और मणिपुर राज्य सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाया जाए।

…तो भाजपा के लोग बलात्कारियों को बचाने खड़े हो जाते

इस मौके पर प्रियंका श्रीवास्तव ने कहा भाजपा सरकार “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के नारे लगाती है परंतु जब बेटियों के साथ बलात्कार होता है तो भाजपा के लोग बलात्कारियों को बचाने के लिए उनके खड़े हो जाते हैं। भाजपा का यह दोहरा चरित्र जनता के सामने आ चुका है कि बीजेपी की डबल इंजन वाली सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं है।

भाजपा सरकार द्वारा प्रायोजित हिंसा

प्रियंका ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मणिपुर हिंसा भाजपा सरकार द्वारा प्रायोजित हिंसा है, इसीलिए बलात्कारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गयी है।

यह भी पढ़ें- PM मोदी के बयान पर संसद में विपक्ष का हंगामा, पलटवार कर खरगे बोले, हम मणिपुर की बात कर रहे वो ईस्ट इंडिया कंपनी की

जिला अध्‍यक्ष ने आज यह भी आरोप लगाया कि सदन में महिलाओं की आवाज उठाने वाले आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह को पीएम मोदी के इशारे पर निलंबित किया गया यह निलंबन लोकतंत्र के खिलाफ है, जल्द से जल्द निलंबन समाप्‍त किया जाए।

आक्रोश कैंडल मार्च में जसमीत कौर, रीता, उषा त्रिपाठी, प्रीति श्रीवास्तव, मंजू, मोजमा, प्रियंका रावत, पुष्पा, बबीता, गीतांजलि, अपर्णा सहित कई महिला कार्यकर्त्ता शामिल रहीं।