‘स्वच्छ सरोवर अभियान’ चला संजय सिंह ने कहा, नदियों की सफाई में केंद्र सरकार फेल, भ्रष्‍टाचार की भेंट चढ़ा जनता का करोड़ों रुपया

स्वच्छ सरोवर अभियान
नदी से जलकुंभी निकालते संजय सिंह।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। तिरंगा शाखा के तत्वाधान में आप सांसद संजय सिंह ने गाजियाबाद के हिंडन घाट पर कार्यकर्ताओं के साथ स्वच्छ सरोवर अभियान चलाया। संजय सिंह ने अभियान में शामिल होकर नदी जलकुंभी निकाली। इस दौरान उन्होनें आरोप लगाते हुए कहा की केंद्र सरकार नदियों की सफाई कराने में फेल है, वह सिर्फ दिखावा करती है और उनकी सभी योजनाएं कागजों तक सीमित हैं।

यह भी पढ़ें- नमामि गंगे परियोजना’ ने भारत की नदी संस्कृति को किया पुनर्जीवित: CM योगी

अभियान के दौरान मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए आप सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार ने जो करोड़ों रूपये गंगा सफाई अभियान के नाम पर पारित किया उसका परिणाम जमीनी स्तर पर नजर नहीं आ रहा, इससे साफ होता है कि सारा पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया।

नदियों को बचाना हर भारतीय की जिम्मेदारी

संजय ने बताया की उत्तर प्रदेश में पिछले छह हफ्ते से तिरंगा शाखा का अभियान चल रहा है और चार हफ्ते से हिंडन नदी पर स्वच्छ सरोवर अभियान चलाया जा रहा। उन्होंने कहा की नदियों को बचाना हर भारतीय की जिम्मेदारी है, लेकिन जिस तरह का कूड़ा करकट और गंदगी नदियों में जमा हो रही है वो चिंता का विषय है। संजय सिंह ने कहा की तिरंगा शाखा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपनी जिम्‍मेदारी समझते हुए हिंडन घाट, गोमती नदी, प्रयागराज और काशी के घाट पर गंगा मैय्या की सफाई करेंगे।

उन्होंने कहा की नदियां हमारी जीवन रेखा हैं और इसकी सफाई न होने पर सरकारों को शर्म आनी चाहिए। हमको संकल्प लेना होगा की अब हम नदियों की सफाई की ज़िम्मेदारी खुद लें। इसी के साथ उन्होनें जनता से भी अपील की है की सभी इस स्वच्छ सरोवर अभियान का हिस्सा बनें।