जनसभा में बोले संजय सिंह, यूपी में चल रही “मारो और मुआवजा दो वाली सरकार”, AAP सांसद को दिखाए गए काले झंडे, फेंकी स्‍याही

जनसभा में बोले संजय सिंह
जनसभा को संबोधित करते संजय सिंह।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर के जलालपुर जनसभा करने पहुंचे आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को विरोध का सामना करना पड़ा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने संजय सिंह वापस जाओ के नारे लगाते हुए काले झंडे दिखाए। साथ ही स्याही भी फेंकी, हालांकि स्‍याही उनके गाड़ी की जगह झंडे पर गिरी जिसपर संजय सिंह ने तीखी नाराजगी व्‍यक्‍त की है।

वहीं जनसभा को संबोधित कर संजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा से यूपी नहीं संभल रहा है। यहां मारो और मुआवजा दे दो वाली सरकार चल रही है। बिजली का संकट जान-बूझकर खड़ा किया गया है, जिससे आगे चलकर केंद्र सरकार अपने मित्रों अडानी और अंबानी से कोयला खरीद सके।

यह भी पढ़ें- संजय सिंह का ऐलान, यूपी की 403 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी AAP, भाजपा और आप के राष्‍ट्रवाद में बताया फर्क

लखीमपुर खीरी की घटना का जिक्र करते हुए संजय सिंह ने कहा कि जब तक केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र अपने पद पर रहेंगे, तब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिलेगा। भाजपा किसानों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। तीनों कृषि कानून से पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए सरकार लगी हुई है। यूपी में मुआवजों वाली सरकार नहीं, बल्कि कानून का राज देने वाली सरकार चाहिए।

इस दौरान सांसद संजय सिंह ने कहा कि देश में महंगाई चरम पर है। महंगाई ने जनता की कमर तोड़ दी है। देश को बेचने वाली सरकार चल रही है। यह लोग सब कुछ बेच रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जब से आप ने चुनाव लड़ने की घोषणा की है, तब से योगी आदित्यनाथ और बसपा की घबराहट बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें- संजय सिंह का बड़ा आरोप, योगी सरकार में हुआ जल जीवन मिश्‍न में 30 हजार करोड़ का घोटाला, कई राज्‍य-सेना में ब्‍लैक लिस्‍टेड कंपनी को दिया काम, जांच नहीं तो सड़क पर उतरेगी AAP