संजय सिंह का ऐलान, यूपी की 403 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी AAP, भाजपा और आप के राष्‍ट्रवाद में बताया फर्क

सीएम योगी फेल

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। आम आदमी पार्टी (आप) ने यूपी में आगामी विधानसभा चुनाव अपने बलबूते लड़ने का ऐलान किया है। आप के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने मंगलवार को यह घोषणा करते हुए बताया कि उनकी पार्टी राज्य के आगामी विधानसभा चुनाव में सभी 403 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी।

साथ ही संजय सिंह ने कहा कि सभी सीटों पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा अगले 15 दिनों के अंदर कर दी जाएगी। इस वक्त 120 सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची तैयार है। आम आदमी पार्टी का ये ऐलान सपा के साथ गठबंधन की अटकलों के बीच महत्वपूर्ण माना जा सकता है।

यह भी पढ़ें- लखनऊ में विशाल तिरंगा यात्रा निकाल संजय सिंह ने विधानसभा चुनाव से पहले दिखाई UP में AAP की ताकत, योगी सरकार को बताया भ्रष्‍टाचारी

वहीं भाजपा पर हमला बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी ‘‘भाजपा के फर्जी राष्ट्रवाद और आप के असली राष्ट्रवाद’’ के मुद्दे को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि नफरत फैलाना, कोरोना वायरस से तड़पते मरीजों को उनके हाल पर छोड़ देना, सड़कों पर गड्ढे बनाना, हिंदुत्व के नाम पर हिंसक वारदात कराना, विकास की आड़ में घोटाले कराना और देश जोड़ने के बजाय उसे तोड़ना ही भाजपा का राष्ट्रवाद है।

इस दौरान आप नेता ने अपनी पार्टी के राष्ट्रवाद का उदाहरण देते हुए कहा कि सभी नागरिकों को बिना किसी भेदभाव और पूर्वाग्रह के विकास की मुख्यधारा से जोड़ना, लोगों को बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं मुफ्त में उपलब्ध कराना, सामाजिक सौहार्द को बनाए रखते हुए विकास की रफ्तार तेज करना आम आदमी पार्टी का राष्ट्रवाद है। इसके अलावा संजय सिंह ने बताया कि उनकी पार्टी सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा निकालेगी।

यह भी पढ़ें- ऑडिट रिपोर्ट विवाद: केजरीवाल का PM मोदी पर हमला, जब आप कर रहे थे चुनावी रैली, तब मैं कर रहा था ऑक्सीजन का इंतजाम, सिसोदिया ने भी साधा निशाना