नौसेना दिवस पर उप राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री,गृहमंत्री व रक्षा मंत्री समेत कई नेताओं ने दी बधाई 

नौसेना दिवस

आरयू वेब टीम। भारतीय नौसेना आज नौसेना दिवस मना रही। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, रक्षा मंत्री समेत कई नेताओं ने देश के जवानों को नौसेना दिवस की बधाई दी और जवानों के जज्बे को सलाम किया।

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने जवानों को बधाई देते हुए कहा, ‘शं नो वरुण: “जल के देवता हमारे लिए शुभ हों” नौसेना दिवस के अवसर पर भारत की समुद्री सीमाओं के सजग प्रहरियों के शौर्य को नमन, उनके परिजनों के धैर्य को नमन! कृतज्ञ देश, राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा में आपके अदम्य साहस और समर्पण पर सदैव विश्वास करता है, आप पर गर्व करता है। जय हिन्द।’

वहीं प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो ट्वीट कर नौसेना दिवस पर भारतीय नौसेना की सराहना की और कहा कि वह निडरता के साथ देश के तटों की रक्षा करती है साथ ही जरूरत पड़ने पर मानवीय सहयोग भी प्रदान करती है। ‘हमारे सभी पराक्रमी नौसैन्य कर्मियों और उनके परिवारों को नौसेना दिवस की शुभकामनाएं। भारतीय नौसेना निडरता के साथ हमारे तटों की रक्षा करती है और जरूरत पड़ने पर मानवीय सहयोग भी प्रदान करती है। हम सदियों से चली आ रही भारत की समृद्ध समुद्री परंपरा को भी याद करते हैं।’’

गृह मंत्री अमित शाह ने बहादुर जवानों को बधाई देते हुए कहा, ‘नौसेना दिवस पर, मैं भारतीय नौसेना के हमारे सभी साहसी कर्मियों और उनके परिवारों को हार्दिक बधाई देता हूं। भारत को हमारी समुद्री सीमाओं की रक्षा करने और आपदाओं के दौरान राष्ट्र की सेवा करने की अटूट प्रतिबद्धता के लिए हमारी दुर्जेय नीली जल सेना पर गर्व है।’

यह भी पढ़ें- भारतीय नौसेना हुई और मजबूत, एंटी शिप मिसाइल का किया परिक्षण

वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट कर इस मौके पर नौसेना को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया कि नौसेना दिवस के मौके पर मैं इस बल के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देता हूं। हमारे समंदर को सुरक्षित रखने में भारतीय नौसेना का अहम रोल है। वह समुद्री सुरक्षा प्रदान करती है। मैं उनके साहस और पेशेवर रवैये को सलाम करता हूं।’

इसके अलावा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री प्रकाश जावडेकर ने भी नौसेना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा, ”अपने अदम्य साहस और पराक्रम से देश को सुरक्षित बनाने वाले सभी नौसैनिकों को हार्दिक शुभकामनाएं। नौसेना पर हमें नाज है।”

बता दें कि भारतीय नौसेना की स्थापना नहीं, बल्कि पाकिस्तान के कराची बंदगाह को आज ही के दिन तबाह करने के उपलक्ष्य में यह दिवस मानाया जाता है। वर्ष 1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान भारतीय नौसेना ने कराची बंदरगाह पर हमला कर उसे भारी नुकसान पहुंचाया था। इस हमले की याद में प्रत्येक वर्ष चार दिसंबर को नौसेना दिवस मनाया जाता है।