आरयू ब्यूरो, लखनऊ। क्रिकेटर विराट कोहली पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ रविवार को अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। दर्शन के बाद दोनों ने हनुमानगढ़ी मंदिर जाकर भी पूजा की और महंत संजय दास से आशीर्वाद लिया। इस दौरान दोनों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए अयोध्या पुलिस को खासा मशक्कत करनी पड़ी।
वहीं मंदिर प्रशासन द्वारा दोनों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उन्हें श्रीराम के प्रतीक के रूप में स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंट किया। रामलला दर्शन के बाद विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने हनुमानगढ़ी के महंत संजय दास जी महाराज से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। महंत ने उन्हें रामभक्ति और सनातन धर्म के प्रति श्रद्धा बनाए रखने की प्रेरणा दी।
यह भी पढ़ें- टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कर विराट कोहली ने कहा इस फॉर्मेट ने मुझे तराशा, लिखी भावुक पोस्ट
मुलाकात के बाद संजय दास जी महाराज ने बताया कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का आध्यात्म के प्रति बहुत ही लगाव है। भगवान राम लला के दर्शन के बाद उन्होंने हनुमान गढ़ी में भी आशीर्वाद लिया। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा पहली बार एक साथ अयोध्या धाम पहुंचे थे। इससे पहले टेस्ट क्रिकेट से संन्यास के बाद विराट कोहली और अनुष्का वृन्दावन में प्रेमानंद जी महाराज के आश्रम में पहुंचे थे और आशीर्वाद लिया था।