वर्चुअल रैली में बोले प्रधानमंत्री, UP ने हमेशा देश को दिखाई दिशा

जन चौपाल

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन चौपाल कार्यक्रम में रविवार को मथुरा, आगरा, बुलंदशहर के मतदाताओं को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपी भारत का दिल है, धड़कन है। यूपी ने हमेशा देश को दिशा दिखाई है और आज फिर यूपी देश को नया रास्ता दिखा रहा है।

पीएम ने कहा कि यूपी के लोगों ने दो टूक कहा कि धन-दौलत, बाहुबल, जातिवाद, संप्रदायवाद के दम पर भले कुछ लोग कितनी ही राजनीति कर लें, लेकिन वो जनता का प्यार नहीं पा सकते। जनता का आशीर्वाद तो उसे ही मिलेगा जो सेवा भावना से सेवक बनकर यूपी के लोगों की सेवा करेगा, यूपी के लोगों का विकास करेगा।

विरोधियों को निशाने पर लेते हुए मोदी ने कहा कि जो पहले सरकार में थे उन्हें ना तो आप लोगों की आस्था से मतलब रहा है और आप लोगों की जरूरतों से। उनका सिर्फ एक ही एजेंडा रहा है, यूपी को लूटो। उन्हें यूपी के विकास से कोई वास्ता नहीं हैं उन्हें बस सरकार बनाने से मतलब रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार में अपराधियों के हौसले इतने बुलन्द थे कि हाइवे पर गाड़ी रोक कर गाड़ियों से लूट पाट की जाती थी। बीच हाइवे पर ही महिलाओं, बेटियों के साथ क्या होता था बुलंदशहर के लोग ये अच्छी तरह जानते हैं। तब उत्तर प्रदेश में घरों-दुकानों पर अवैध कब्जे होना आम बात थी। लोग अपना घर छोड़कर पलायन को मजबूर होते थे। आगरा के दंगों में आरोपियों के सिर पर किसका हाथ था, ये आप भलीभांति जानते हैं।

यह भी पढ़ें- मन की बात में PM मोदी ने कहा, हमारी सामूहिक शक्ति ही करेगी कोरोना को परास्त

साथ ही कहा कि पहले की सरकारे भय निर्माण में जुटी थी, भय निर्माण करना उनका काम था। हम भविष्य का निर्माण कर रहें हैं। अब रिकार्ड हाईवे भी बन रहे हैं और उन हाइवेज पर लोग निडर होकर सफर भी कर रहे हैं। आज यूपी में बहनें-बेटियां खुले दिल से कह रही हैं कि पहले हमें घर से निकलने में लगता था डर, अब भाजपा राज में अपराधी कांपे थर-थर।

पीएम ने कहा कि पहले की सरकारों का एक और पसंदीदा खेल होता था। तिजोरियों को भरने का खेल, सब मिलकर खेलते थे, मिलकर खाते थे। आज ऐसे लोगों का पूरा खेल बिगड़ गया है। पहले परिवार ही सरकार थी, अब पूरा यूपी भाजपा सरकार का परिवार है। परिवारवादी सरकारों के लिए सत्ता शासन का माध्यम थी। हमारे लिए सत्ता जनता की सेवा करने का रास्ता है।

हम लगातार इसी उद्देश्य से काम कर रहे हैं। हमारी सरकार गांव, गरीब को सशक्त और समृद्ध बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। पिछले दो साल से पूरी दुनिया कोरोना महामारी से परेशान है। महामारी की शुरुआत में बहुत से लोगों ने कईं तरह की आशंकाएं जताई थी। वो लोग सोचते थे कि कैसे हमारे गांव, हमारे गरीब इस महामारी से खुद को बचा पाएंगे।

यह भी पढ़ें- NCC रैली में बोले प्रधानमंत्री, मुझे गर्व है, मैं भी रहा हूं आपकी तरह सक्रिय कैडेट, राष्ट्रभक्ति से बड़ी नहीं होती कोई भक्ति