योगी सरकार के 60 दिनों में भगवा गिरोह का आतंक व बड़बोलापन ही देखने को मिला: सपा

सहारनपुर कांड

आरयू ब्‍यूरो,

लखनऊ। योगी सरकार के दो महीने पूरे होने पर समाजवादी पार्टी ने कहा है कि इस दौरान जनता की उम्‍मीदों पर पानी ही फिरता नजर आ रहा है। प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए सपा ने कहा कि इस दौरान कोई उल्‍लेखनीय शुरूआत नहीं की गई।

 यह भी पढ़ें- सपा सरकार के कामों को बदनाम करने की साजिश कर रही योगी सरकार: अखिलेश

आज सपा के मुख्‍य प्रवक्‍ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि दो महीने के कार्यकाल में सिर्फ भाजपा मंत्री, नेताओं का बड़बोलापन और भगवा अंगोछे वाले गिरोहों का आतंक ही देखने को मिला। कानून-व्‍यवस्‍था का जिक्र करते हुए बोले कि न संगीन अपराध रूके, न ही जातीय तथा सांप्रदायिक हिंसा पर रोक लगी। अब आगे 60 महीनों में क्या होगा, भगवान ही मालिक है।

मुख्‍य प्रवक्‍ता ने कहा कि मथुरा, फिरोजाबाद, वाराणसी, गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, सहित कई जनपदों में हत्या, लूट, अपहरण, बलात्कार की तमाम गंभीर घटनाएं घट चुकी है। व्यापारी, महिलाएं, किसान, नौजवान सब त्रस्त हैं। संवैधानिक शपथ की अनदेखी कर राग-द्वेष की भावना से राज्य सरकार काम कर रही है। पुलिस वाले जगह-जगह पीटे जा रहे हैं इसके बाद भी भगवा अंगोछे वालों के आगे प्रशासन तंत्र नतमस्तक है।

यह भी पढ़ें- केंद्र सरकार के मंत्री उगल रहे झूठ और जहर: डिंपल

योगी आदित्‍यनाथ पहले दिन से ही अपराधियों के खिलाफ सख्ती बरतने का भरोसा दिलाते रहे है। वे तो अपराधियों को प्रदेश छोड़ देने की चेतावनी भी दे रहे थे कभी वे कहते हैं कि वे अपराधियों-माफियाओं को पाताल तक से खोज लाएंगे तो कभी अपराधियों को उन्हीं की भाषा में जवाब देने की बात करते हैं। लेकिन पाताल तो क्या प्रदेश में ही अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। तमाम गंभीर घटनाओं की जांच भी नहीं हो पा रही है।

राजेंद्र चौधरी ने आगे कहा कि सच तो यह है कि प्रदेश की जनता अभी भी भाजपा राज या सत्ता परिवर्तन का एहसास नहीं कर पा रही है। आज भी रोजाना हजारों लोग समाजवादी पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलने आते हैं। लोग उन्हें अपनी व्यथा सुनाते हैं और अखिलेश जी भी उन्हें भरसक मदद के लिए तत्पर दिखते हैं।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार के 60 दिनों में भगवा गिरोह का आतंक व बड़बोलापन ही देखने को मिला: सपा

मुख्‍य प्रवक्‍ता ने सपा सरकार के कामों का गुणगान करते हुए कहा कि योगी सरकार समाजवादी सरकार के विकास कार्य देखकर हतप्रभ है। अखिलेश यादव ने गरीबों, किसानों, अल्पसंख्यकों और नौजवानों के हित की तमाम योजनाएं बिना किसी भेदभाव के लागू की थी। भाजपा राजनीति में अपनी कोई स्वस्थ परंपरा तो स्थापित नहीं कर पाए उल्टे समाजवादी सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार कर जनता का ध्यान अपनी अकर्मण्यता, अक्षमता से हटाने की कोशिशें कर रहे हैं। जनता अब इनकी नस-नस से वाकिफ हो गई है।