हमारे पास हैं जीत के सारे चिराग, 73 नहीं यूपी में जीतेंगे 74 सीटें: जेपी नड्डा

चिराग
प्रेसवार्ता में अपनी बात रखते जेपी नड्डा साथ में महेंद्र नाथ पांडेय व अन्य।

आरयू ब्‍यूरो, 

लखनऊ। बुधवार को लखनऊ पहुंचे यूपी भाजपा के चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने बीजेपी के प्रदेश मुख्‍यालय पर मीडिया से मुलाकात की। एक प्रेसवार्ता के दौरान चुनाव प्रभारी ने न सिर्फ कांग्रेस, सपा व बसपा पर निशाना साधा, बल्कि इस बार यूपी से बीजेपी को लोकसभा की 74 सीटों के जीतने का दावा भी किया।

हाल ही में हुए सपा-बसपा के गठबंधन की बात पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा यूपी में सपा-बसपा गठबंधन का मुकाबला करने के लिए पहले से ही तैयार थी। हम 2019 में जीत के सारे रिकॉर्ड तोड़ देंगे। भाजपा प्रदेश में 50 प्रतिशत से ज्यादा वोट हासिल करेगी। पिछली बार भाजपा द्वारा 71 और उसके सहयोगी पार्टी अपना दल (एस) की दो सीटों को जोड़ते हुए 73 सीटें जीतने की बात पर उन्‍होंने कहा कि इस बार हम 74 लोकसभा सीटों को जीतेंगे, इस दौरान उन्‍होंने 74 सीटों को कैसे जीतेंगे के सवाल पर कहा कि उनके पास जीत के सारे चिराग हैं। कांग्रेस की बात पर केंद्रीय मंत्री बोले कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। उसका प्रचार हमेशा शरारत से भरा रहता है।

फिजिक्स नही केमेस्ट्री है चुनाव

बीजेपी की जीत का समीकरण बताते हुए चुनाव प्रभारी ने कहा कि चुनाव फिजिक्स नही केमेस्ट्री है। भाजपा अब 2014 वाली भाजपा नहीं है। सदस्य और संख्या का विस्तार हुआ है। यूपी में भी संगठन बढ़ा है। जब पलटन बढ़ती है तो संभालने वालों की भी संख्या बढ़ती है।

जितना गरीबों के लिए काम हुआ है उतना…

वहीं बीजेपी सरकार की बात करते हुए उन्‍होंने कहा कि इस सरकार में जितना गरीबों के लिए काम हुआ है उतना पहले कभी नहीं हुआ। मोदी सरकार देश के 30 करोड़ लोगों को सोशल सिक्योरिटी के दायरे में लाई है। देश के 55 करोड़ लोगों को मोदी सरकार हेल्थ सिक्योरिटी दे रही है। प्रदेश के किसानों का कर्ज माफ हुआ है। चार लाख करोड़ रुपये डीबीटी के जरिये ट्रांसफर हुआ है। केंद्र ने उज्ज्वला योजना की शुरुआत कर करोड़ों गरीबों को लाभ पहुंचाया है।

यह भी पढ़ें- पंकज सिंह का विरोधियों पर निशाना, भाजपा के विजय रथ को रोक नहीं पाएगा कोई गठबंधन

उन्होंने चुनाव की तैयारियों पर कहा कि भाजपा पीएम मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का संदेश लेकर घर-घर जाएगी। हमें विश्‍वास है कि जनता का हमें पूर्ण समर्थन मिलेगा। नड्डा ने कहा कि 2014 में हमारी गठबंधन के सहयोगियों के साथ 73 सीटें थीं। इस बार ये संख्या 74 होगी। मगर कम नहीं होगी। अपना दल (एस) से विवादों पर उन्होंने कहा कि एनडीए यूपी में अपने सभी सहयोगियों के साथ पूरी क्षमता से चुनाव में उतरेगा और जीत के सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर देगा।

चिराग
जेपी नड्डा का स्वागत करते कैबिनेट मंत्री व अन्य।
एयरपोर्ट पर हुआ भव्‍य स्‍वागत

वहीं इससे पहले प्रदेश प्रभारी जेपी नड्डा का एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान जेपी नड्डा के साथ सह प्रभारी नरौत्तम मिश्रा, दुष्यंत गौतम, गोवर्धन झाडापिया भी मौजूद रहें। वरिष्‍ठ नेताओं के स्‍वागत के लिए बीजेपी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे थे। उन्‍होंने ढोल-नगाड़े बजाकर और पुष्प वर्षा कर उत्साह के साथ नेताओं का स्वागत किया।

यह भी पढ़ें- सपा-बसपा पर योगी का हमला, गठबंधन को बताया वजूद बचाने की कोशिश

स्‍वागत करने वालों में एयरपोर्ट पर प्रदेश महामंत्री, विद्यासागर सोनकर, प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह, गोविन्द शुक्ला, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, कैबिनेट मंत्री बृजेश पाठक, धर्मपाल सिंह, राज्यमंत्री स्वाती सिंह, विधायक सुरेश श्रीवास्तव, महापौर संयुक्‍ता भाटिया, क्षेत्रीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र तिवारी, दिनेश तिवारी, वीरेंद्र तिवारी, दयाशंकर सिंह, अंजनी श्रीवास्तव, पुष्कर शुक्ला, रामअवतार कनौजिया, अनुराग मिश्रा अन्नू, विवेक सिंह तोमर, पार्षद दल उपनेता रामकृष्ण यादव, रजनीश गुप्ता सहित अन्‍य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- 25 साल बाद फिर साथ आयी सपा-बसपा, गठबंधन का ऐलान, लगे बुआ भतीजा-जिंदाबाद के नारे