चंद्रबाबू नायडू ने ली CM पद की शपथ, चौथी बार बने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री, पीएम मोदी भी रहें मौजूद

चंद्रबाबू नायडू
शपथ ग्रहण करते चंद्रबाबू नायडू।

आरयू वेब टीम। आंध्र प्रदेश में आज से तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) की सरकार होगी। टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने विजयवाड़ा के केसरपल्ली आईटी पार्क में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। नायडू के अलावा पवन कल्याण समेत 25 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। चंद्रबाबू नायडू चौथी बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी शामिल हुए। आंध्र प्रदेश विधानसभा की सदस्य संख्या (175) के अनुसार, मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 26 मंत्री हो सकते हैं। पवन कल्याण को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। इस दौरान चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकश ने भी शपथ ली।

आंध्र प्रदेश में टीडीपी-पवन कल्याण की जनसेना और भाजपा ने मिलकर चुनाव लड़ा था। एनडीए को 164 विधानसभा सीट मिली हैं। इनमें से टीडीपी को 135, जनसेना पार्टी को 21 और भाजपा को आठ सीट मिली हैं। इससे पहले आंध्र प्रदेश के गवर्नर अब्दुल नजीर ने नायडू को आंध्र प्रदेश में सरकार बनाने का न्योता दिया। एनडीए नेताओं के अनुरोध के बाद राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर ने नायडू को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया।

यह भी पढ़ें- चंद्रबाबू नायडू को मिली अंतरिम बेल, पर माननी पड़ेगी ये शर्तें

गौरतलब है कि चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को एनडीए विधायकों को संबोधित कर कहा कि उन्होंने दक्षिणी राज्य के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा है और इसके लिए ‘आश्वासन’ दिया गया है। उन्होंने संकल्प जताया कि अमरावती आंध्र प्रदेश की एकमात्र राजधानी होगी और पोलावरम परियोजना को पूरा किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- तीसरी बार देश के पीएम बने नरेंद्र मोदी, अमित शाह-जेपी नड्डा समेत इन मंत्रियों ने ली शपथ