कांग्रेस ने गौरव गोगोई को बनाया लोकसभा में डिप्टी लीडर, इन नेताओं को भी दी अहम जिम्मेदारी

गौरव गोगोई

आरयू वेब टीम। कांग्रेस पार्टी ने रविवार को लोकसभा में नई टीम का ऐलान कर दिया है। गौरव गोगोई को लोकसभा में कांग्रेस का उपनेता बनाया गया है, जबकि राहुल गांधी लोकसभा में कांग्रेस दल के नेता हैं। साथ ही के. सुरेश को मुख्य सचेतक और मणिकम टैगोर और मोहम्मद जावेद को सचेतक बनाया गया है।

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष को नई नियुक्तियों की जानकारी दी है, जिसकी जानकारी केसी. वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से जारी की है। कांग्रेस महासचिव ने बताया कि उन्होंने इस बाबत एक पत्र लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भेज दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष बिरला को पत्र लिखकर लोकसभा में कांग्रेस पार्टी के लिए उपनेता, मुख्य सचेतक और दो सचेतकों की नियुक्ति के बारे में सूचित किया है।

कौन हैं गौरव गोगोई

गौरव गोगोई असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के बेटे हैं। उन्होंने इससे पहले 2020 से लोकसभा में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उपनेता का पद संभाला था। इस बार जोरहाट सीट से कांग्रेस के गौरव गोगोई ने भाजपा के तपन कुमार गोगोई को 1,44,393 वोट से हराकर जीत हासिल की थी।

यह भी पढ़ें- अयोध्या के बाद बद्रीनाथ भी हारी भाजपा, कांग्रेस नेता ने लहराया परचम, राज्यों के उपचुनाव की 13 में से 10 विधानसभा सीटों पर जीता INDIA, दो पर सिमटी BJP

वहीं, अगर के. सुरेश की बात करें, तो 18वीं लोकसभा में उन्हें स्पीकर पद का उम्मीदवार बनाया गया था। वो केरल के मानेलिकारा से कांग्रेस के लोकसभा सांसद हैं। वो आठवीं बार जीतकर सदन में आए हैं। वर्तमान में वो सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले लोकसभा सांसद हैं।

यह भी पढ़ें- किसानों का कर्ज माफ होने पर बोले राहुल गांधी, कांग्रेस सरकार नहीं करती हिंदुस्तान का पैसा पूंजीपतियों पर खर्च