देश में रेल हादसों का दौर जारी, हावड़ा-मुंबई मेल दुर्घटनाग्रस्‍त होने से दो यात्रियों की दर्दनाक मौत, दर्जनों घायल, खिलौनों की तरह बिखरी बोगियां

हावड़ा-मुंबई मेल दुर्घटनाग्रस्‍त

आरयू वेब टीम। रेलवे की लापरवाही व मनमानी के चलते देश में रेल का सफर करना लगातार यात्रियों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। हाल के दिनों में हुए कई रेल हादसा के बाद आज एक बार फिर ट्रेन का सफर लोगों के लिए जिंदगी का अंतिम सफर साबित हुआ है। मंगलवार को झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में मुंबई-हावड़ा मेल (ट्रेन नंबर 12810) के 20 डिब्बे बुरी तरह पटरी से उतरकर इधर-उधर बिखर गए। घटना में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि 20 यात्री घायल हो गए। अचानक हुए इस रेल हादसे से यात्रियों में हड़कंप मच गया। घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक हावड़ा से सोमवार रात निकली यह ट्रेन मंगलवार तड़के ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चक्रधरपुर रेलवे संभाग के पीआरओ ने बताया कि यात्रियों को रवाना करने के लिए ट्रेन का इंतजाम किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि ये हादसा जमशेदपुर से करीब 80 किलोमीटर दूर बड़ाबांस के पास तड़के तीन बजकर 45 मिनट पर हुई। यह जगह पश्चिमी सिंहभूम के काफी करीब है। बड़ाबांस के पास मुंबई-हावड़ा मेल के 22 में से 20 डिब्बे पटरी से उतर गए।

इनमें बी फोर डिब्बे में एक यात्री की मौत हुई है। वहीं, इसी कोच में एक अन्य शख्स के फंसे होने की बात सामने आ रही है। बताया गया है कि कुल 16 यात्री डिब्बे थे, एक पैंट्री कार थी, जबकि एक पावर कार थी। घायलों को बड़ाबांस में चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। हालत गंभीर होने पर उन्‍हें चक्रधरपुर ले जाया गया है।

दुर्घटना कितनी भयावाह है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मेल एक्सप्रेस के कई डिब्बे आपस में चढ़ गए तो कई गति तेज होने के कारण बीच से मुड़ गए। कई डिब्बे आपस में बुरी तरह से सट चुके हैं। चक्रधरपुर मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार चौधरी ने इस दुर्घटना की पुष्टि की है।

यह भी पढ़ें- अब पश्चिम बंगाल में हुआ भीषण ट्रेन हादसा, कंचनजंगा एक्सप्रेस को मालगाड़ी ने मारी टक्कर, 15 यात्रियों की मौत, दर्जनों घायल

हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। राहत और बचाव दल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। घायलों को बड़ाबंबू और चक्रधरपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राहत दल के लोग बोगियों में फंसे यात्रियों को निकालने में जुट गए। क्रेन और अन्य मशीनों की मदद से डिब्बों को हटाने और फंसे हुए यात्रियों को निकालने में जुट गए। हावड़ा-मुंबई रेल मार्ग पूरी तरह से बाधित है और अन्य ट्रेनों को डायवर्ट किया जा रहा है।

एक प्रशासनिक अधिकारी ने बताया कि यह रेल दुर्घटना सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां प्रखंड के पोटोबेडा में हुई। दक्षिण-पूर्वी रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि इस घटनास्थल के करीब ही एक मालगाड़ी भी पटरी से उतर गई। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह घटनाएं एक ही समय पर हुईं या अलग-अलग वक्त पर।

यह भी पढ़ें- अब इंजन से अलग हुए संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के डिब्बे, यात्रियों में मचा हड़कंप