मकान पर कब्जे से परेशान महिला ने सीएम आवास के पास खाया जहरीला पदार्थ, मचा हड़कंप

सीएम आवास के पास
अस्‍पताल में महिला का इलाज करते डॉक्‍टर।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री आवास के पास कालिदास मार्ग पर शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला के जहरीला पदार्थ खाने से हालत बिगड़ गयी। पुलिस ने महिला हालत खराब देख उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज किया गया। इस दौरान पुलिस को जांच में पता चला कि वह फिरोजाबाद की है और मकान पर कब्जा होने की वजह से परेशान है। लखनऊ पुलिस ने फिरोजाबाद पुलिस से संपर्क कर मामले की जानकारी दी।

इस संबंध में पुलिस ने बताया कि आज सुबह एक महिला कालिदास मार्ग के पास पहुंची थी। पुलिसकर्मियों ने उसको देखा। कुछ संदिग्धता हुई तो पुलिसकर्मी उसके पास गए। महिला ने कहा कि उसने कुछ देर पहले जहर खाया है। ये सुनकर पुलिसकर्मी सन्न रह गए। उसको अस्पताल पहुंचाया। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका नाम रुखसाना है। वह फिरोजाबाद के शिकोहाबाद कस्बे के रुकनपुरा गांव की रहने वाली है। जिसके बाद आनन-फानन में पुलिस महिला को सिविल अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टर उसके इलाज में जुट गए।

यह भी पढ़ें- दर्दनाक: उन्‍नाव पुलिस से त्रस्‍त महिला ने मुख्‍यमंत्री आवास के पास लगाई खुद को आग, हालत गंभीर, सड़क किनारे बिलखता रहा मासूम

एसीपी हजरतगंज अरविंद वर्मा ने मीडिया को बताया कि जानकारी की गई तो महिला ने बताया कि कुछ लोगों ने उसके मकान पर कब्जा कर लिया है। वे लोग महिला को धमकी देते हैं कि उसके बेटे को जान से मार देंगे। महिला का कहना है कि मकान पर कब्जा होने और बेटे की हत्या की धमकी मिलने की वजह से वह बहुत दहशत में है, इसलिए उसने यहां आकर जहर खाकर खुदकुशी करने की कोशिश की। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- सुनवाई नहीं होने से परेशान युवक ने की चिनहट कोतवाली में आत्‍मदाह की कोशिश, मचा हड़कंप