केशव मौर्या का दावा, 20 वर्षों तक सत्ता में नहीं लौटेगी सपा, मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखना बंद करें अखिलेश

केशव मौर्या
केशव मौर्या। (फाइल फोटो)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। एक दिवसीय दौरे पर रविवार को अमेठी पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने सपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। डिप्टी सीएम ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वह मुंगेरी लाल के हसीन सपने देखना बंद कर दें। साथ ही दावा किया कि आगामी 20 वर्षों तक सपा सत्ता में लौटने वाली नहीं है। अखिलेश यादव प्रदेश की जनता के सामने खुद एक सवाल बनकर रह गए हैं।

डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए जंगलराज, गुंडाराज, भ्रष्टाचार और परिवारवाद की राजनीति का प्रतीक बताया। साथ समाजवादी पार्टी और बिहार के राष्ट्रीय जनता दल की तुलना की है, क्योंकि बिहार के प्रभारी विनोद तावड़े अब यूपी के भी प्रभारी हैं, इसलिए केशव प्रसाद मौर्या ने भाजपा की लगातार तीसरी जीत का दावा किया है। 

वहीं अपने पोस्ट में केशव मौर्या ने कहा कि, “सपा और राजद दोनों दलों की राजनीतिक कुंडली एक सरीखी है। मसलन, चाल, चरित्र और चेहरे में दोनों एक-दूसरे को जबरदस्त मात देते हैं, क्योंकि दोनों जंगलराज, गुंडाराज, भ्रष्टाचार और परिवारवाद की राजनीति के ही प्रतीक हैं।” केशव मौर्या ने बिहार विधानसभा को जोड़ते हुए कहा, “बिहार विधानसभा चुनाव में सपा का एक भी प्रत्याशी मैदान में नहीं था। इसके बावजूद सपा बहादुर अखिलेश यादव वहां अखाड़े में उतर गए। उनका आचरण जनता ने देखा। भाजपा को हराने का सपना देखने वाली राजद-कांग्रेस-सपा की तिकड़ी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तब के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अजेय विजेता जोड़ी ने जनता के आशीर्वाद से सूपड़ा ही साफ कर दिया।”

यह भी पढ़ें- महिलाओं को 40 हजार देने वाले अखिलेश के ऐलान पर बोले केशव मौर्या, सुरक्षा-सम्मान की बात महज छलावा

इस दौरान बिहार की तरह विनोद तावड़े का यूपी प्रभारी बनने पर डिप्टी सीएम ने कहा, “बतौर प्रभारी बिहार की ऐतिहासिक जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को पार्टी नेतृत्व ने अब उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया है। महज उनके उत्तर प्रदेश आगमन से ही सपाई ‘सन्न’ हैं। आधुनिक राजनीति के चाणक्य और देश के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के यूपी आगमन के बाद सपा का क्या हाल होगा? उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनने के साथ ही सपा की ‘सैफई वापसी’ सुनिश्चित है।”

यह भी पढ़ें- विपक्ष के प्रदर्शन पर केशव मौर्या का हमला, सपा पर लगाया दंगाइयों के साथ खड़े रहने का आरोप