आरयू ब्यूरो, लखनऊ। गंगा, जमुना व सरस्वती समेत अन्य अपार्टमेंट निर्माण के करीब एक दशक बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण गोमती नगर विस्तार में एक बार फिर अपार्टमेंट बनाने जा रहा। योगी सरकार में नर्मदा नदी के नाम पर बनने वाले गोमतीनगर विस्तार के इस अपार्टमेंट में तीन सौ फ्लैट होंगे। प्राधिकरण की प्लानिंग के चलते जिनमें से एक भी फ्लैट खरीदना गरीब तो दूर मीडिल क्लास फैमिली के लिए भी कभी पूरा नहीं होने वाले सपने जैसा होगा। यहां फ्लैट का दाम 1.4 करोड़ से, जबकि पेंट हाउस की कीमत 2.8 करोड़ से शुरू होगी।
एलडीए के अफसर व अभियंताओं द्वारा करोड़पतियों को ध्यान में रखकर तैयार होने वाले नर्मदा अपार्टमेंट के परिसर में जिम, स्वीमिंग पूल, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले-एरिया, पावर बैकअप, 500 से ज्यादा कार की पार्किंग आदि की सुविधा होगी। साथ ही इनकी व्यावसायिक जरूरतें पूरी करने के लिए कॉमर्शियल दुकानें भी होंगी।
कल से खुलेगा रजिस्ट्रेशन
प्राधिकरण कल यानि 24 जनवरी से अगामी 23 फरवरी तक इन फ्लैट्स-पेंट हाउस के लिए रजिस्ट्रेशन खोल रहा। पंजीकरण सिर्फ एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से कराया जा सकेगा।
पांच प्रतिशत करना होगा जमा
फ्लैट के लिए फ्लैट के अनुमानित मूल्य का पांच प्रतिशत बतौर पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा, जोकि आरक्षित वर्ग के लिए 2.5 प्रतिशत होगी। प्राधिकरण के अनुसार फ्लैट का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
लोकेशन व कनेक्टिविटी होगी खास
करोड़पतियों वाले इस अपार्टमेंट की विशेषताओं को बयान करते हुए आज उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मीडिया से कहा है कि नर्मदा अपार्टमेंट की कनेक्टिविटी और लोकेशन बेहद प्राइम होगी। जी-20 रोड स्थित एलडीए के राप्ती अपार्टमेंट के ठीक बगल में इसका निर्माण कराया जाएगा। योजना से चंद कदमों की दूरी पर ही शहीद पथ, इकाना क्रिकेट स्टेडियम, प्लासियो मॉल, पुलिस मुख्यालय आदि प्रमुख स्थल मिल जाएंगे। वीसी ने यह भी कहा अपार्टमेंट निर्माण के लिए ऑनलाइन डिमांड सर्वे कराया गया था। जिसमें सकारात्मक परिणाम मिलने के बाद ही परियोजना के निर्माण को मंजूरी दी गयी है।
यह भी पढ़ें- सालों से अटके पारिजात व पंचशील अपार्टमेंट के काम एक महीने में होंगे पूरे, LDA VC इंद्रमणि ने किया दावा
90 मीटर ऊंचे बनेंगे तीन टावर
एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि लगभग 12 हजार वर्गमीटर में बनने वाले नर्मदा अपार्टमेंट में कुल तीन टावर होंगे, जिनकी ऊंचाई करीब 90 मीटर होगी। अपार्टमेंट में थ्री बीएचके एवं स्टडी कैटेगरी के तीन सौ फ्लैट होंगे। सभी फ्लैट करीब 21 सौ वर्गफिट का होगा। इसके अलावा 12 पेंट हाउस बनाये जाएंगे, जोकि लगभग चार हजार वर्गफिट में होंगे। पेंट हाउस की कीमत 2.8 करोड़ रूपये से शुरू होगी। फ्लैट्स की कीमत 1.4 करोड़ रूपये से शुरू होंगी।
तीन साल में अपार्टमेंट, पांच साल में कब्जा
एलडीए के मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि नर्मदा अपार्टमेंट का निर्माण 330 करोड़ की लागत से कराया जाएगा। प्रोजेक्ट को तीन साल में पूरा करने का टारगेट रखा गया है और पांच साल के अंदर आवंटियों को फ्लैट का कब्जा दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- हाईकोर्ट के पास जलभराव रोकने को LDA 62 करोड़ से संवारेगा तीन किलोमीटर का नाला, विराम व विकास खंड के आवंटियों की समस्या रहेगी बनी
तीन महीने में पूरा पैसा देने पर मिलेगी छूट
सीई ने कहा कि फ्लैट के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले आवेदकों को आवंटन के बाद 36 महीने की किश्तों में पूरा पैसा जमा करना होगा। वहीं 45 से 90 दिनों में पूरी धनराशि जमा करने पर छह से चार प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
330 करोड़ वाले इस अपार्टमेंट की टेंडर प्रक्रिया चीफ इंजीनियर मानवेंद्र सिंह की देखरेख में हाल ही में अभियंत्रण जोन एक का चार्ज संभालने वाले मनीष कुलश्रेष्ठ पूरी कराते हुए जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराएंगे।




















