आरयू ब्यूरो, लखनऊ। कांग्रेस छोड़ने के बाद लग रही तमाम अटकलों को पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने आज पूरी तरह विराम लगा दिया है। रविवार को नसीमुद्दीन सिद्दीकी अपने हजारों समर्थकों के साथ सपा में शामिल हुए हैं। सपा के प्रदेश मुख्यालय पर यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने उनका सपा में आने पर स्वागत किया। इस मौके पर नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा 2027 के विधानसभा चुनाव में यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना उनका लक्ष्य है।
इस दौरान समाजवादी पार्टी की नीतियों और अखिलेश यादव पर भरोसा करते हुए पूर्व मंत्री अनीस अहमद खां उर्फ फूल बाबू बसपा, सहित दीना नाथ कुशवाहा पूर्व विधायक देवरिया, राजकुमार पाल पूर्व विधायक प्रतापगढ़ सदर, डॉ. दानिश खान एआईएमआईएम कन्नौज पूर्व प्रत्याशी, पूर्व सदस्य विधान परिषद हुस्ना सिद्दीकी, पूनम पाल एवं पहली ड्रोन पायलट इटावा की रंजना पाल भी समाजवादी पार्टी में शामिल हुई।
सपा में शामिल होने के बाद नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि आज 15 हजार 718 विभिन्न दलों को छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आज समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे सभी नेता और कार्यकर्ता अनुशासन के साथ एकजुट होकर समाजवादी पार्टी को मजबूत करेंगे। समाजवादी पार्टी मजबूत होगी तो हम सब मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना है। हमें सत्ता परिवर्तन करना है तभी सबको इंसाफ मिलेगा। समाजवादी पार्टी में शामिल हुए सभी नेताओं ने 2027 के विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया।
बहुजन समाज और समाजवादी पार्टी का रिश्ता बहुत गहरा
अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी में शामिल होने वाले सभी नेताओं एवं साथियों का स्वागत किया और धन्यवाद दिया। साथ ही कहा कि बहुजन समाज और समाजवादी पार्टी का रिश्ता बहुत गहरा है। नए साथियों के आने से समाजवादी पार्टी और ज्यादा मजबूत होगी। 2027 में पीडीए की जीत और बड़ी होगी।
उन्होंने कहा कि यह पीडीए का प्रेम प्रसार समारोह है। होली मिलन से पहले यह पीडीए होली मिलन हो रहा है। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर सामाजिक न्याय की लड़ाई को और मजबूती से लड़ेंगे।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी के साथ सपा में शामिल होने वालों में शिव शंकर भुर्जी, शंभू प्रजापति, मोहम्मद अयाज आब्दी, चमन लाल पूर्व वामसेफ प्रभारी, राधेलाल रावत, राम जियावन, मौलाना जमीर कासमी, अफजल सिद्दीकी, शाहिद शेख, महोबा के भाजपा नेता जिला पंचायत सदस्य आनंद द्विवेदी, तौकीर समेत अन्य समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए।




















