यूपी विधानसभा चुनाव के लिए बसपा ने घोषित किया पहला उम्मीदवार, आशीष पांडे को दिया टिकट

आशीष पांडे
बसपा के मुख्य मंडल प्रभारी लालाराम अहिरवार के साथ आशीष पांडे।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में करारी शिकस्‍त के बाद इस बार बहुजन समाज पार्टी ने यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से शुरू कर दी। इसी क्रम में जालौन जिले की माधौगढ़ विधानसभा सीट (219) से बसपा ने अपने उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस सीट पर ब्राह्मण चेहरे को उतारकर बसपा ने एक बार फिर अपने पुराने फॉर्मूले की ओर कदम बढ़ाया है।

मंगलवार को जालौन में आयोजित एक संगठनात्मक बैठक के दौरान पार्टी के मुख्य मंडल प्रभारी लालाराम अहिरवार ने आगामी चुनाव के लिए आशीष पांडे के नाम का ऐलान किया। पार्टी आलाकमान के निर्देश पर आशीष पांडे को माधौगढ़ क्षेत्र में बसपा का आधार मजबूत करने और आगामी चुनाव में जीत दर्ज करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह भी पढ़ें- बसपा में बड़ा फेरबदल, मायावती ने फिर बढ़ाया समधी अशोक सिद्धार्थ का कद, रामजीलाल की घटी जिम्‍मेदारी

वहीं आशीष पांडे को प्रत्याशी बनाकर बसपा ने विपक्षी दलों के लिए नई चुनौती पेश की है। 2027 के चुनाव में अभी समय बचा है, लेकिन समय से पहले प्रत्याशी घोषित कर बसपा ने इस मामले में भाजपा, सपा और कांग्रेस पछाड़ने की कोशिश की है। ​इस घोषणा के बाद माधौगढ़ के राजनीतिक गलियारों में कयासों का दौर शुरू हो गया है।

यह भी पढ़ें- फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ पर मायावती ने दुख-चिन्ता जताकर की तुरंत प्रतिबंध लगाने की मांग