मां के निधन पर शोक व्‍यक्‍त करने मायावती के घर पहुंचीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

मायावती अनंदीबेन पटेल

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल गुरुवार को बसपा सुप्रीमो मायावती के लखनऊ स्थित आवास पर पहुंचीं। जहां उन्होंने मायावती की मां के निधन पर संवेदनाएं व्यक्‍त कीं।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मायावती से उनका स्वास्थ्य व कुशलक्षेम जाना। इस दौरान साथ में राज्यसभा सांसद और बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र भी मौजूद रहे।

बता दें कि 13 नवंबर को मायावती की मां रामरती का निधन हो गया था। वह 92 वर्ष की थीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने संवेदनाएं व्यक्त की थीं। योगी ने ट्वीट कर कहा था कि, बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने अपनी मां को खोया है। विषाद की इस घड़ी में ईश्वर उन्हें यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें।

यह भी पढ़ें- मायावती की मां रामरती का निधन, योगी, अखिलेश व प्रियंका ने जताया शोक

वहीं दिल्ली में शोकसभा का आयोजन किया गया था, जिसमें कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी भी पहुंचीं थीं और शोक संवेदनाएं व्यक्त की थीं। इस दौरान मायावती व प्रियंका गांधी की खीचीं गयी एक फोटो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी। लोग इसे अगामी यूपी चुनाव में बसपा व कांग्रेस के एक साथ मैदान में उतरने तक का संकेत बता रहे थे, हालांकि वास्‍तविकता तो चुनाव के समय ही स्‍पष्‍ट हो पाएगी।