मायावती की मां रामरती का निधन, “योगी, अखिलेश व प्रियंका ने जताया शोक”

मायावती की मां का निधन
बसपा सुप्रीमो मायावती। (फाइल फोटो)

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री व बसपा प्रमुख मायावती की मां का शनिवार को निधन हो गया है। उन्होंने दिल्ली के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। जानकारी के मुताबिक, मायावती की मां रामरती काफी दिन से बीमार चल रही थीं। इसके चलते उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया। निधन की खबर के बाद सीएम योगी, प्रियंका गांधी व अखिलेश यादव ने शोक व्‍यक्‍त किया।

बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि 14 नवंबर को दिल्ली में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बसपा के राष्ट्रीय महासचिव ने इस संबंध में शोक संदेश जारी किया। उन्होंने लिखा, ‘अति-दुःख के साथ यह सूचित किया जाता है कि बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सांसद व यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की मां रामरती का लगभग 92 वर्ष की उम्र में आज हॉस्पिटल में हृदय गति रुकने से स्वर्गवास हो गया। कुदरत सभी को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दे। उनका अंतिम संस्कार मायावती के दिल्ली पहुंचने व परिवार के एकत्र होने पर 14 नवंबर को किया जाएगा। बता दें कि पिछले साल 19 नवंबर को मायावती के पिता का निधन हुआ था।

यह भी पढ़ें- बसपा सुप्रीमो मायावती के पिता का निधन, सीएम योगी, अखिलेश व प्रियंका ने जताया शोक

निधन की खबर पर मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर कहा कि उत्‍तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती की माता रामरती का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!

वहीं इसकी जानकारी लगते ही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्‍यम से शोक व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्‍तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री की माता रामरती के निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर उन्हें श्रीचरणों में स्थान दें एवं इस दुख की घड़ी में परिजनों को कष्ट सहने का साहस दें। ॐ शांति।

जबकि अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती की माता रामरती का देहावसान, अत्यंत दु:खद! दिवंगत आत्मा को ईश्वर अपने श्री चरणों में स्थान दे। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहन संवेदना। भावभीनी श्रद्धांजलि।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस नेता सदानंद सिंह का निधन, राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर