संजय सिंह ने कहा, “चरम पर पहुंची यूपी में बेरोजगारी, युवाओं को मिल रहीं लाठियां-मुकदमे”, निकालेंगे पदयात्रा

यूपी में बेरोजगारी
योगी सरकार पर निशाना साधते संजय सिंह साथ में अन्‍य।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। आम आदमी पार्टी के सांसद व यूपी प्रभारी संजय सिंह ने आज योगी सरकार पर निशाना साधा है। संजय ने कहा कि उत्‍तर प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर पहुंच चुकी है और नौकरी मांगने वाले युवाओं को लाठियां और मुकदमों के अलावा कुछ नहीं मिल रहा है। आप सांसद ने योगी सरकार पर सवाल उठाने के साथ ही ऐलान किया है कि वह इसके खिलाफ एक बार फिर से  ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा निकालेंगे।

आज गोमतीनगर स्थित आप कार्यालय पर मीडिया से बात करते हुए आप नेता ने कहा कि लगभग 100 किलोमीटर लंबी चौथे चरण की यह पदयात्रा तीन अप्रैल को आगरा के शहीद स्मारक से शुरू होकर हाथरस होते हुए मथुरा में नौ अप्रैल को समाप्त होगी, जिसमें जगह-जगह नुक्कड़ सभाएं, स्वागत सभाएं और बड़ी जनसभाएं आयोजित की जाएंगी।

संजय सिंह ने कहा कि यह पदयात्रा नफरत की राजनीति के खिलाफ मोहब्बत और भाईचारे का संदेश देने के लिए भी निकाली जा रही। उन्होंने कहा कि मोहब्बत की नगरी आगरा से शुरू होकर भगवान कृष्ण की प्रेम और आदर्श की नगरी मथुरा तक यह यात्रा समाज को जोड़ने का काम करेगी।

नफरत फैला समाज को बांटने की हो रही कोशिश

भाजपा नेताओं की राजनीत करने के तरीके पर सवाल उठाते हुए संजय सिंह ने कहा कि आज देश में नफरत फैलाकर समाज को बांटने की कोशिश हो रही है, जिसके खिलाफ आम आदमी पार्टी प्रेम, न्याय और समानता का संदेश लेकर जनता के बीच जाएगी।

लोग गैस के लिए लंबी-लंबी लाइनों में खड़े

वहीं एलपीजी संकट पर केंद्र सरकार को घेरते हुए संजय सिंह ने कहा कि देशभर में लोग गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी लाइनों में खड़े हैं, कहीं मारपीट हो रही तो कहीं दुकानों पर हंगामा हो रहा है, लेकिन भाजपा सरकार धृतराष्ट्र की तरह आंखों पर पट्टी बांधकर बैठी है। उन्होंने कहा कि आगरा में एक बुजुर्ग की गैस लाइन में खड़े-खड़े मौत हो गई, अहमदाबाद, बैंगलोर, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता जैसे बड़े शहरों में होटल और ढाबे बंद हो रहे हैं, यहां तक कि अदालतों और छात्रावासों की कैंटीन तक बंद हो रही हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी को कोई समस्या नजर नहीं आ रही।

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि गैस बुकिंग के लिए 25-25 दिन की तारीख मिल रही है और सिलेंडर 8000 रुपये तक ब्लैक में बिक रहा है। इसके बावजूद अगर आम आदमी पार्टी जनता की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन करती है तो कार्यकर्ताओं पर मुकदमे दर्ज किए जाते हैं। इस तरह के फर्जी मुकदमे वापस लिया जाना चाहिए।

23 मार्च से आप की छात्रविंग…

वही आप नेता ने मीडिया को बताया कि 23 मार्च से आप की छात्रविंग (एएसएपी) पूरे प्रदेश में शिक्षा और राजनीति के मुद्दों पर अभियान चलाएगी, जिसकी शुरुआत शहीद-ए-आजम भगत सिंह की शहादत दिवस से होगी।

यह भी पढ़ें- AAP ने कहा, सफेद झूठ है योगी सरकार का ‘स्‍वस्‍थ उत्‍तर प्रदेश’ का दावा, लखनऊ से गांव तक डॉक्‍टरों की भारी कमी

प्रेसवार्ता में आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के ब्रज प्रांत अध्यक्ष डॉ. हृदयेश चौधरी ने कहा कि प्रदेश का युवा, किसान, मजदूर और वंचित वर्ग आज पूरी तरह से परेशान है। युवाओं के हाथ में डिग्रियां हैं लेकिन रोजगार नहीं है, संविदा और हाउसहोल्ड कर्मचारी वर्षों से सम्मान और सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों को लेकर यह पदयात्रा निकाली जा रही है और अधिक से अधिक लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की। साथ ही बताया कि पदयात्रा से जुड़ने के लिए 7500040004 नंबर जारी किया गया है।