आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लोकसभा चुनाव में भाजपा 400 पार सीट सिर्फ इसलिए चाहती थी कि यदि यह दो तिहाई बहुमत मिल गया तो संविधान बदलने का उसका नापाक मंसूबा पूरा जाए। परंतु यूपी समेत देशभर की जनता ने बीजेपी के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
उक्त बातें आज बाराबंकी की दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में आयोजित संविधान संवाद कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के तौर संबोधित करते हुए कांग्रेस के यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय ने कही। योगी सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता परिवर्तन चाहती है।
अविनाश पांडेय ने कहा कि संविधान संवाद कार्यक्रम पूरे उत्तर प्रदेश में शुरू किया गया है जिसके माध्यम से लोगों को मौजूदा सरकार द्वारा संविधान पर किए जा रहे हमले से अवगत कराया जा रहा। पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी संसद से लेकर सड़क तक संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिए लोगों को जागरुक कर रहें जिसका असर 2024 के लोकसभा चुनाव में देखने को मिला।
यूपी प्रभारी ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए कार्यक्रम आयोजक अब्दुल्लाह शेर खान को धन्यवाद देते हुए उपस्थित कार्यकर्ताओं से आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में मौजूदा सरकार को उखाड़ फेंकने का आवाहन किया।
जनता अब बदलाव के मूड में
वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि जनता अब बदलाव के मूड में है और “हमारा वोट हमारी ताकत” के संकल्प के साथ प्रदेश की जनता भाजपा के मंसूबों को विफल कर कांग्रेस को भारी बहुमत दिलाएगी।
यह भी पढ़ें- भ्रष्टाचार में डूबे होने का आरोप लगा, प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार के खिलाफ असम कांग्रेस का आरोप पत्र किया जारी
अजय राय ने आरोप लगाया कि जनता की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग हुआ है और बैंकिंग प्रणाली से जुड़े बड़े घोटालों में शामिल लोगों को संरक्षण मिला। उन्होंने कहा कि देश से फरार आर्थिक अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, जबकि सत्ता बदलने पर ऐसे सभी आरोपितों को वापस लाकर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने धार्मिक स्थलों पर बाहरी व्यापारियों के वर्चस्व का मुद्दा भी उठाते हुए स्थानीय हितों की अनदेखी का आरोप लगाया।
…तो यह बाबा साहब के संविधान की ताकत
कार्यक्रम में यूपी कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘‘मोना’’ ने देवा महादेवा व पारिजात की धरती को नमन करते हुए कहा कि यह जनपद रफी अहमद किदवाई जैसे क्रांतिकारियों की जन्मस्थली है, उन्होंने कहा कि आज हम यदि खड़े होकर बोल रहें तो यह बाबा साहब द्वारा बनाए गए संविधान की ताकत है। बाराबंकी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि क्रांतिकारियों की धरती रही और संविधान की बदौलत ही आम आदमी सम्मानपूर्वक जीवन जी पा रहा है। उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. भसमा प्रसाद मिश्रा ने की तथा संचालन शारिक अली शालू ने किया। आयोजक अब्दुल्लाह शेर खान ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि आभार वीरेंद्र प्रताप सिंह ने व्यक्त किया। इस दौरान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन, चेतनारायण राजेंद्र प्रताप सिंह, मुकेश सिंह चौहान, दयानंद शुक्ला, रामदास वर्मा, भानु वर्मा, विनय मिश्रा मनीष रावत, अकील अहमद, मोहम्मद शरीफ, विकास वर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।




















